SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दबाव या उतावलापन... पाकिस्तान के खिलाफ क्यों अपना 'वैभव' नहीं दिखा पा रहे सूर्यवंशी? आंकड़े दे रहे गवाही

वैभव सूर्यवंशी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दुनिया के कई टॉप गेंदबाजों में अपना खौफ पैदा कर चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उनका बल्ला शांत रहा है. चिर-प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उन्होंने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं, लेकिन एक बार भी 50 रन का आंकड़ा पार नहीं किया है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Nov 24, 2026, 09:18 IST | Updated: Nov 24, 2026, 09:30 IST
Image Credit: पाकिस्तान के खिलाफ क्यों अपना 'वैभव' नहीं दिखा पा रहे सूर्यवंशी? (BCCI/X)
Join

वैभव सूर्यवंशी अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने दुनियाभर के गेंदबाजों में अपना खौफ पैदा किया है. आईपीएल जैसे बड़े प्लेटफॉर्म पर वो बुमराह, कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड जैसे टॉप गेंदबाजों के छक्के छुड़ा चुके हैं. यही वजह है कि उनके लिए टीम इंडिया का दरवाजा खुला और वो फिलहाल एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं.

अंडर-19 से लेकर आईपीएल और अब इंटरनेशनल क्रिकेट तक... वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से करोड़ों फैंस का दिल जीता है, लेकिन एक सपना अभी भी अधूरा है. दरअसल, हर भारतीय क्रिकेट फैंस की ये चाहत होगी कि सूर्यवंशी चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी अपना 'वैभव' दिखाए. हालांकि, अभी तक की कहानी निराशाजनक रही है.

पाकिस्तान के खिलाफ कब बोलेगा वैभव का बल्ला?

भारत-पाकिस्तान मैच की कहानी ऐसी है कि रातों-रात कोई खिलाड़ी स्टार बन जाता है और एक ही दिन में फैंस उन्हें विलेन भी बना देते हैं. सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली पर फैंस जान इसलिए भी लुटाते हैं, क्योंकि दोनों ने पाकिस्तान को कई मैचों में गहरा जख्म दिया है. वैभव सूर्यवंशी से भी लोगों की यही उम्मीद है. हालांकि, 15 साल के युवा सनसनी अभी तक इस उम्मीद पर खरे नहीं उतरे हैं. आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं.

2024 से लेकर अब तक वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तान के खिलाफ कुल 7 मुकाबले खेले हैं. हैरान करने वाली बात ये है कि उन्होंने एक बार भी 50 का आंकड़ा क्रॉस नहीं किया है. पाकिस्तान के खिलाफ उनका उच्चतम स्कोर 45 है. वैभव निश्चित तौर पर इस आंकड़े को बदलना चाहेंगे. एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भी वो पाकिस्तान के खिलाफ फेल हो गए. उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

पाकिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी के आंकड़े

 
टूर्नामेंटस्कोर
अंडर-19 एशिया कप 20241 (9)
अंडर-19 एशिया कप 20255 (6)
अंडर-19 एशिया कप 2025 फाइनल26 (10)
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 202545 (28)
अंडर-19 विश्व कप 202630 (22)
एशियन गेम्स 2026 फाइनल15 (9)
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 202611 (13)

दबाव या उतावलापन?

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर हमेशा हाई वोल्टेज मुकाबला होता है. दुनियाभर के फैंस की नजर इस मैच पर होती है. लोगों की ये भी सोच होती है कि किसी के खिलाफ फेल हो जाओ, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ नहीं. खिलाड़ियों पर इस मैच में अच्छे प्रदर्शन का अधिक दबाव भी होता है. क्या वैभव भी प्रेशर का शिकार हो रहे हैं या पाकिस्तान के खिलाफ वो हद से ज्यादा उत्साहित हो जा रहे हैं? ये सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि आमतौर पर वैभव अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करते हैं, लेकिन पाकिस्तान के विरुद्ध ऐसा नहीं होता है. वो इस एनकाउंटर में बल्ले से ज्यादा अपने रवैये से आक्रामक दिखते हैं. अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में वो पाकिस्तानी गेंदबाज अली रजा से भिड़ गए थे और आउट होने के बाद उन्हें अपना जूता भी दिखाया था.

भारत-पाकिस्तान मैच में जुबानी जंग अच्छी लगती है, लेकिन जुबान के साथ बल्ले का बोलना भी जरूरी है. वैभव सूर्यवंशी को ये समझना होगा कि वो पाकिस्तान को सबसे ज्यादा चोट बल्लेबाजी से ही पहुंचा सकते हैं. उनका बल्ला गरजेगा तो कोई पाकिस्तानी गेंदबाज वैसे भी उनसे बहस नहीं करेगा. विराट कोहली के साथ हम ये कहानी देख चुके हैं. वैभव सूर्यवंशी को भी इस पर काम करने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें: WTC 2027 फाइनल की जंग: इस टीम की सीट लगभग कन्फर्म! भारत की उम्मीदें खत्म या पिक्चर अभी बाकी? समझें समीकरण

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES