India Tour of New Zealand: चोट के बावजूद न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे प्रसिद्ध कृष्णा? BCCI ले सकता है बड़ा फैसला
प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है कि वह टीम इंडिया के साथ न्यूजीलैंड दौरे पर जा सकते हैं. इन दिनों यह तेज गेंदबाज चोटिल है. ऐसे में बीसीसीआई के सामने एक मुश्किल चुनौती होगी.
भारत को इस महीने के अंत में न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है, जहां दोनों देशों के बीच 5 टी20 इंटरनेशनल, 5 वनडे इंटरनेशनल और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे. भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा इन दिनों हैमस्ट्रिंग चोट की समस्या से जूझ रहे हैं. ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई है कि प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड के दौरे के लिए टीम इंडिया के साथ फ्लाइट में सवाल हो सकते हैं. प्रसिद्ध कृष्णा को वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की ODI सीरीज के दौरान दूसरे मैच में गेंदबाजी करते समय चोट लगी थी.
चोट के कारण प्रसिद्ध कृष्णा ने 30 सितंबर को गुवाहाटी बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में सिर्फ पांच ओवर ही फेंके थे और बाद में उन्हें न्यू चंडीगढ़ में होने वाले तीसरे मैच से बाहर कर दिया गया था. प्रसिद्ध कृष्णा की जगह भारतीय टीम में हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को शामिल किया गया था, जिन्होंने शनिवार (3 अक्टूबर) को भारत के लिए वनडे में डेब्यू किया, लेकिन वह कोई विकेट नहीं ले पाए.
न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे प्रसिद्ध कृष्णा?
हालांकि प्रसिद्ध कृष्णा के कुछ समय तक क्रिकेट से दूर रहने की संभावना है, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि उन्हें भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुना जा सकता है. भारत 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक पांच T20I, पांच ODI और दो टेस्ट मैच खेलने के लिए अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में न्यूजीलैंड का दौरा करेगा.
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार प्रसिद्ध कृष्णा के ऑकलैंड जाने वाली फ्लाइट में सवार होने की संभावना है. अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनकी हालिया हैमस्ट्रिंग चोट को इतना गंभीर नहीं माना जा रहा है कि उन्हें दौरे से बाहर कर दिया जाए, और उनका चयन BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा.
BCCI ले सकता है बड़ा फैसला
प्रसिद्ध ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में भारत के तेज गेंदबाजी अटैक की कमान संभाली थी और उम्मीद है कि वह न्यूजीलैंड सीरीज के लिए वनडे टीम का हिस्सा होंगे. 30 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टेस्ट टीम का हिस्सा बनना भी लगभग तय है.
यह भी बताया गया है कि बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार, जिन्होंने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था, ईरानी कप में 'रेस्ट ऑफ इंडिया' के लिए दूसरी पारी में छह विकेट लेने के बाद न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टेस्ट टीम में जगह बना सकते हैं. ईरानी कप में शानदार प्रदर्शन के बाद मुकेश कुमार न्यूजीलैंड टेस्ट के लिए दावेदारी में आ गए हैं.
आकाश दीप और मुकेश कुमार पर भी नजर
नवंबर में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वे और बंगाल के उनके साथी खिलाड़ी आकाश दीप बड़े दावेदार लग रहे हैं. आकाश दीप ने पिछले हफ्ते श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ आठ महीने बाद अपना पहला कॉम्पिटिटिव मैच खेला. उन्होंने दोनों पारियों में तीन-तीन विकेट लिए और ऋषभ पंत की कप्तानी में 'रेस्ट ऑफ इंडिया' को 167 रनों से ईरानी कप जिताने में मदद की.