)
अजीत अगरकर का BCCI की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन के तौर पर कार्यकाल 4 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया. अब उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति से पहले ही टीम इंडिया के न्यूजीलैंड दौरे के लिए स्क्वॉड चुनने की तैयारी शुरू हो गई है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस अहम सेलेक्शन मीटिंग में पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजीत अगरकर के बाद होने वाली पहली सेलेक्शन मीटिंग की जिम्मेदारी प्रज्ञान ओझा संभालेंगे.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी इस हफ्ते यानी 5 से 11 अक्टूबर के बीच मीटिंग कर सकती है. इसी मीटिंग में न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम चुनी जाएगी. न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से होनी है. भारत को इस दौरे पर पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं. ऐसे में सेलेक्टर्स के सामने तीनों फॉर्मेट के लिए मजबूत टीम चुनने की बड़ी चुनौती होगी. अभी बीसीसीआई ने अजीत अगरकर के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में सवाल यह है कि नई सेलेक्शन कमेटी के गठन से पहले टीम चुनने की जिम्मेदारी किसके पास होगी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, नए चीफ सेलेक्टर की नियुक्ति होने तक सेलेक्शन कमेटी 4 सदस्यों के साथ काम कर सकती है. वहीं, अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रज्ञान ओझा पहली सेलेक्शन मीटिंग को लीड कर सकते हैं. हालांकि, यह व्यवस्था टेम्परेरी होगी या परमानेंट, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है. न्यूजीलैंड दौरे के तीनों फॉर्मेट के लिए भारत की फुल-स्ट्रेंथ टीम चुने जाने की उम्मीद है. खासतौर पर पांच वनडे मुकाबले टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि ये मुकाबले 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का हिस्सा होंगे. 2027 वनडे वर्ल्ड कप अगले साल 2 अक्टूबर से शुरू होना है. ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट अब से ही अपनी पहली पसंद के खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा वनडे क्रिकेट में उतारना चाहेगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय वनडे कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिया था कि वह अगली सीरीज से टीम के सभी पहली पसंद वाले खिलाड़ियों की उपलब्धता चाहते हैं. ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत की लगभग पूरी मजबूत टीम देखने को मिल सकती है. यह सीरीज खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन और वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से भी काफी अहम होगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज भारत के लिए WTC 2027 के फाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से बेहद जरूरी है. इसी वजह से टेस्ट सीरीज के लिए भारत की मजबूत टीम चुने जाने की संभावना है.