SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पाकिस्तान की गजब नौटंकी: IPL के समय में कराएगा PSL, लगातार तीसरे साल होगा फ्लॉप, शेड्यूल किया जारी

IPL vs PSL: पाकिस्तान ने एक बार फिर आईपीएल से भिड़ने की हिम्मत जुटाई है. उसने पीएसएल के शेड्यूल को जारी किया है और लगातार तीसरी बार दोनों टूर्नामेंट एक ही समय में खेले जाएंगे.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 08, 2026, 07:21 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 07:26 PM IST
Image Credit: आईपीएल बनाम पीएसएल. IPL/PSL
Join

IPL vs PSL: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है. एक बार फिर पीएसएल की टक्कर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से होने वाली है.  पीएसएल का 12वां सीजन 18 मार्च से 2 मई तक खेला जाएगा. लगातार तीसरे सीजन में दोनों लीगें एक ही समय में आयोजित होंगी. इसका खामियाजा फिर से पाकिस्तान को ही भुगतना पड़ता है, क्योंकि आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी लीग है और इसमें बड़े-बड़े खिलाड़ी खेलने को तैयार रहते हैं.

2025 और 2026 में भी आईपीएल के साथ पीएएसएल का टकराव हुआ था. दोनों लीगों का एक समय पर होना खिलाड़ियों को परेशान करता है. उन्हें एक लीग में खेलने का विकल्प चुनना होता है. पीएसएल में इस बार टीमों की संख्या को बढ़ाकर 6 से 8 कर दिया गया था. लगातार दूसरे सीजन में सभी आठ टीमें भाग लेंगी. यह फैसला 1 सितंबर को लंदन में आयोजित पीएसएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में सभी आठ फ्रेंचाइजी के मालिकों और प्रतिनिधियों के साथ परामर्श के बाद लिया गया.

आईपीएल के मुकाबले पीएसएल का शेड्यूल

आईपीएल और पीएसएल के बीच का यह टकराव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों के वित्तीय और व्यावसायिक पैमाने में बड़ा अंतर है. आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी और आर्थिक रूप से सबसे मजबूत टी20 लीग बनी हुई है. पीएसएल पाकिस्तान का प्रमुख घरेलू टूर्नामेंट है. 2026 में पीएसएल का आयोजन 26 मार्च से 3 मई तक हुआ था, जबकि आईपीएल 28 मार्च से 31 मई तक चला था. 2027 में भी आईपीएल का संभावित शेड्यूल 10 मार्च से 15 मई के बीच माना जा रहा है. हालांकि, बीसीसीआई ने अभी अपना आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया है.

ये भी पढ़ें: रांची में कभी नहीं बने 200 रन: 3 साल पहले 177 रन के टारगेट को चेज नहीं कर पाई थी टीम इंडिया, भारत का यहां गजब रिकॉर्ड

पिछले सीजन में पीएसएल को कैसी सफलता मिली थी?

तारीखों की घोषणा के साथ पीसीबी इस नए सीजन में काफी उत्साह के साथ कदम रख रहा है. 2026 के सीजन में लीग में 8 टीमों को शामिल किया गया था और खिलाड़ियों के ड्राफ्ट सिस्टम की जगह पहली बार नीलामी मॉडल अपनाया गया था.  2026 के फाइनल मुकाबले में पेशावर जाल्मी ने पहली बार खेल रही हैदराबाद किंग्समेन को हराकर ट्रॉफी जीती थी. इसे देखने गद्दाफी स्टेडियम में रिकॉर्ड 32,461 दर्शक पहुंचे थे.

ये भी पढ़ें: श्रीलंका को मिला नया टेस्ट कप्तान: 18 मैचों बाद ही धनंजय डी सिल्वा ने दिया इस्तीफा, अब किसे मिली टीम की कमान?

मोहसिन नकवी ने क्या कहा?

पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी का मानना है कि इस लय के साथ लीग आगे बढ़ेगी. नकवी ने आगे कहा, "पीएसएल 11 ने दिखाया कि यह लीग क्या हासिल कर सकती है. रोमांचक मैच, रिकॉर्ड दर्शक और रिकॉर्ड ब्रॉडकास्टिंग. पीएसएल 12 इस स्तर को और ऊंचा उठाएगा.'' पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर ने कहा, ''पिछले सीजन ने प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं और हम 2027 में उन सभी अपेक्षाओं को पूरा करेंगे. आज की घोषणा केवल पहला कदम है. आने वाले महीनों में डायरेक्ट साइनिंग्स, रिटेंशन, ट्रेड विंडो और ऑक्शन से और रोमांच बढ़ेगा.''

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES