App

घर में पाकिस्तान की फजीहत: श्रीलंका ने 110 पर किया ऑलआउट, फाइनल में बनाई जगह; इंग्लैंड रेस से बाहर

श्रीलंका ने वनडे ट्राई सीरीज में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. दिलशान मदुशंका की घातक गेंदबाजी की बदौलत उसने आसान जीत हासिल की. लाहौर में उसकी जीत ने इंग्लैंड के रास्तों को बंद कर दिया.

घर में पाकिस्तान की फजीहत: श्रीलंका ने 110 पर किया ऑलआउट, फाइनल में बनाई जगह; इंग्लैंड रेस से बाहर
Image Credit: पाकिस्तान बनाम श्रीलंका. X/@SrilankaCricket

वनडे ट्राई सीरीज के पांचवें मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को उसके घरेलू मैदान पर 110 रनों पर समेट कर सनसनी मचा दी. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दिलशान मदुशंका ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. अपने करियर की बेस्ट गेंदबाजी करते हुए इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 34 रन देकर 5 विकेट अपने नाम कर लिए. इसके बाद आठ विकेट हाथ में रहते हुए टीम ने मैच को जीत लिया और इंग्लैंड की खिताबी मुकाबले में पहुंचने की उम्मीदों को समाप्त कर दिया.

मदुशंका की धारधार गेंदबाजी के आगे पाकिस्तानी टीम 25.3 ओवर तक ही टिक पाई. श्रीलंका ने 18.1 ओवर में 2 विकेट पर 114 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. ट्राई सीरीज का फाइनल मैच 31 अक्टूबर को लाहौर में ही खेला जाएगा. पाकिस्तान की चार मैचों में यह पहली हार है. वह छह अंक के साथ फाइनल में पहुंच गया. श्रीलंका ने तीन में दो मैच जीते हैं और वह चार अंक साथ खिताबी मुकाबले में पहुंच गया. इंग्लैंड अब तक तीन में से तीनों मैच हार चुका है. वह श्रीलंका के खिलाफ अपना चौथा मैच जीतता भी है तो वह दो अंक के साथ बाहर हो जाएगा.

बाबर आजम ने बनाए सबसे ज्यादा रन

श्रीलंका के कप्तान कुशल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. मदुशंका ने मैच शुरू होते ही विकेट निकालने शुरू कर दिए. फखर जमान ने पांच और माज सदाकत ने आठ रन बनाए. फखर को मदुशंका और सदाकत को असिथा फर्नांडो ने आउट किया. पूर्व कप्तान बाबर आजम एक तरफ क्रीज पर टिके रहे और दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे. बाबर ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए. उनके अलावा हसन नवाज ने 17 और कप्तान शाहीन अफरीदी ने 15 रन बनाए. सलमान अली आगा नौ, विकेटकीपर साद बेक पांच और शादाब खान दो रन बनाकर आउट हुए.

मेंडिस के अर्धशतक से जीता श्रीलंका

111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को कामिंदु मेंडिस और अविष्का फर्नांडो ने मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की. फर्नांडो 16 रन बनाकर शाहीन की गेंद पर आउट हुए. उनके बाद क्रीज पर आए कप्तान कुसल मेंडिस आठ रन ही बना पाए और अराफात मिन्हास की बॉल पर बोल्ड हो गए. इसके बाद कामिंदु मेंडिस ने पवन रत्नायके के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की और टीम को जीत दिला दी. कामिंदु ने नाबाद 62 और पवन ने नाबाद 23 रन बनाए.

फाइनल की रेस से कैसे बाहर हुआ इग्लैंड?

इंग्लैंड की टीम इस सीरीज में अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है. ब्रैंडन मैकुलम की कोचिंग में टीम को लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है. उसे फाइनल की रेस में बने रहने के लिए आज पाकिस्तान की जीत चाहिए थी, लेकिन श्रीलंका ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया. अब श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच 29 अक्टूबर को होने वाला मैच सिर्फ एक औपचारिक मुकाबला बनकर रह गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More