SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छक्कों का महारिकॉर्ड... रजाउल्लाह ने डेब्यू टेस्ट मैच में किया ऐतिहासिक कारनामा, टिम साउदी की कर ली बराबरी

पाकिस्तान के 21 साल के क्रिकेटर रजाउल्लाह खान ने अपने टेस्ट डेब्यू में इंग्लैंड के खिलाफ 63 गेंदों पर 81 रन ठोककर इतिहास रच दिया. उन्होंने 9 छक्के लगाकर टेस्ट की एक पारी में नंबर-9 बल्लेबाज के सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 12, 2026, 11:16 AM IST | Updated: Sep 12, 2026, 11:50 AM IST
Image Credit: Razaullah Khan
Join

जिस मुकाबले में पाकिस्तान की हार लगभग तय मानी जा रही है, उसी मैच में 21 साल के क्रिकेटर रजाउल्लाह खान ने ऐसा तूफान मचाया कि हर कोई हैरान रह गया. इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में नंबर-9 पर बल्लेबाजी करने उतरे इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने महज 63 गेंदों में 81 रन ठोक दिए. रजाउल्लाह खान की पारी में 9 शानदार छक्के शामिल रहे. इसके साथ ही रजाउल्लाह खान ने टेस्ट क्रिकेट में नंबर-9 पर बल्लेबाजी करते हुए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड बना दिया.

पाकिस्तान की हालत उस समय बेहद खराब थी. इंग्लैंड ने पहली पारी में 320 रन की बड़ी बढ़त हासिल की थी. जवाब में पाकिस्तान 318/8 के स्कोर पर पहुंच चुका था और पारी की हार से बचने के लिए उसे सिर्फ दो रन की जरूरत थी. लेकिन रजाउल्लाह ने यहां से सिर्फ मैच बचाने के बारे में नहीं सोचा. उन्होंने मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर जबरदस्त हमला बोल दिया. दोनों ने नौवें विकेट के लिए 121 रन की शानदार साझेदारी की और पाकिस्तान का स्कोर 449 रन तक पहुंचा दिया. दिन के आखिरी ओवर में रजाउल्लाह के आउट होने के साथ यह साझेदारी टूटी.

रजाउल्लाह ने डेब्यू टेस्ट मैच में किया ऐतिहासिक कारनामा

रजाउल्लाह खान ने अपनी 81 रन की पारी में 9 छक्के लगाए. यह टेस्ट की एक पारी में नंबर-9 बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इस प्रदर्शन के साथ वह टेस्ट क्रिकेट के उस खास रिकॉर्ड में शामिल हो गए हैं, जिसमें नंबर 1 से लेकर नंबर 11 तक हर बल्लेबाजी क्रम पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों का रिकॉर्ड दर्ज है. इस तरह रजाउल्लाह खान अब इस अनोखी लिस्ट में नंबर-9 के रिकॉर्ड होल्डर बन गए हैं.

टेस्ट की एक पारी में बैटिंग ऑर्डर के हिसाब से सबसे ज्यादा छक्के

नंबर 1: यशस्वी जायसवाल - 12 छक्के

नंबर 2: मैथ्यू हेडन / ब्रेंडन मैकुलम - 11 छक्के

नंबर 3: कुसल मेंडिस - 11 छक्के

नंबर 4: इंजमाम-उल-हक - 9 छक्के

नंबर 5: नाथन एस्टल / ब्रेंडन मैक्कुलम - 11 छक्के

नंबर 6: बेन स्टोक्स - 11 छक्के

नंबर 7: एडम गिलक्रिस्ट - 8 छक्के

नंबर 8: वसीम अकरम - 12 छक्के

नंबर 9: रजाउल्लाह खान - 9 छक्के

नंबर 10: टिम साउदी - 9 छक्के

नंबर 11: शेन शिलिंगफोर्ड - 5 छक्के

रजाउल्लाह खान ने 9 छक्के लगाए

इस रिकॉर्ड की सबसे खास बात यह है कि रजाउल्लाह खान ने इसे अपने पहले ही टेस्ट मैच में हासिल किया. वह उस समय क्रीज पर आए जब पाकिस्तान इंग्लैंड को दोबारा बल्लेबाजी के लिए मजबूर करने से सिर्फ दो रन दूर था. लेकिन उन्होंने डिफेंसिव बल्लेबाजी करने के बजाय आक्रामक रुख अपनाया. मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और देखते ही देखते मैच का पूरा माहौल बदल दिया. रजाउल्लाह खान के 9 छक्कों ने उन्हें इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले क्रिकेटर्स की लिस्ट में भी पहुंचा दिया. 

टिम साउदी की कर ली बराबरी

रजाउल्लाह खान ने बेन स्टोक्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. बेन स्टोक्स ने 2023 एशेज के दौरान लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट पारी में 9 छक्के लगाए थे. रजाउल्लाह खान ने डेब्यू टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में भी न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर टिम साउदी की बराबरी कर ली. टिम साउदी ने 2008 में नेपियर में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में 9 छक्के लगाए थे. अब रजाउल्लाह खान भी डेब्यू टेस्ट में 9 छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की इस खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES