पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन नवाज का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो 'भारतीय गेंदबाजों से नफरत' की बात कर रहे हैं. हाल ही में हुए एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में नवाज ने भारत के खिलाफ 51 गेंदों पर 96 रनों की शानदार पारी खेली थी. वो अकेले भारतीय गेंदबाजों से लड़े थे और मैच को थोड़ा रोमांचक बनाया था. हालांकि, इसके बावजूद पाकिस्तान ये मुकाबला हार गया और टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया.
एशियन गेम्स में हसन नवाज की इस पारी के बाद फैंस उनके बारे में सर्च करने लगे. जानकारी खंगाली तो एक विवादित वीडियो सामने आया, जिसे देखकर हर भारतीय का खून खौल उठेगा. एक पुराने इंटरव्यू में पाकिस्तानी क्रिकेटर ने साफ-साफ कहा कि वो भारत के गेंदबाजों से नफरत करते हैं.
वीडियो में एंकर उनसे पूछते हैं कि क्या दुनिया में कोई ऐसा गेंदबाज है जिसे वे मैदान पर आते ही निशाना बनाना चाहेंगे. इसके जवाब में वे हर भारतीय गेंदबाज का नाम लेते हैं. हसन नवाज ने कहा, ''भारत के खिलाफ खेलते वक्त अलग ही मोटिवेशन होता है और स्वाभाविक रूप से मन उनके गेंदबाजों पर हावी होने का करता है. सच कहूं तो मुझे उनके सभी गेंदबाजों से नफरत है और इंशाअल्लाह मौका मिलने पर हम आगे भी ऐसा ही करेंगे.''
हसन नवाज ने ये जहर उगलकर खतरा मोल लिया है. अब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान पर अगला मुकाबला अगले साल वर्ल्ड कप में होगा. ये ब्लॉकबस्टर मैच 10 अक्टूबर, 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा. एशियन गेम्स के फाइनल में 96 रनों की पारी खेलने वाले हसन नवाज के लिए अब वनडे टीम का दरवाजा भी खोला जा सकता है. अगर वो वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे तो भारतीय गेंदबाज उनसे 'नफरत' वाले बयान का हिसाब लेना चाहेगी. बुमराह और बाकी गेंदबाज उनपर कहर की तरह टूट सकते हैं.
हसन नवाज का जन्म पाकिस्तान के दक्षिणी पंजाब में हुआ था. उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत टेप-बॉल क्रिकेट की मुश्किल दुनिया से की और बाद में हार्ड-बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया. अपने स्वाभाविक टैलेंट और आक्रामक अंदाज़ की वजह से उन्हें पाकिस्तान सुपर लीग में चुना गया, जहां उन्होंने 2023 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए डेब्यू किया और फिर 2025 सीजन के लिए क्वेटा ग्लैडिएटर्स में चले गए.
हसन नवाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घर पर अपना T20I डेब्यू किया, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी शुरुआत आसान नहीं रही. उन्होंने लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद अपने तीसरे मैच में जबरदस्त वापसी की और शानदार शतक जड़कर बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई. हालांकि, वह उस पारी के बाद अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए और अगले दो मैचों में नाकाम रहे. हसन बेखौफ तरीके से बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अभी तक के सफर को देखें तो वो हिट से ज्यादा फ्लॉप साबित हुए हैं. 24 वर्षीय बल्लेबाज ने 27 T20I मैचों में 25.21 की औसत से 580 रन बनाए हैं.