SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

112 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में हुआ बड़ा अजूबा, ओली रॉबिन्सन ने रचा इतिहास, सिडनी बार्न्स के महान क्लब में हुई एंट्री

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन कम से कम 20 टेस्ट मैच खेलने के बाद 19 से कम गेंदबाजी औसत रखने वाले गेंदबाज बन गए हैं. 112 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में किसी गेंदबाज ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 12, 2026, 06:31 AM IST | Updated: Sep 12, 2026, 07:48 AM IST
Image Credit: Ollie Robinson Unique Record
Join

इंग्लैंड के खूंखार तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. ओली रॉबिन्सन ने अपने एक ऐतिहासिक कारनामे से रिकॉर्ड-बुक हिलाकर रख दी. ओली रॉबिन्सन 1914 के बाद 20 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के बाद 19 से कम की गेंदबाजी औसत रखने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने यह उपलब्धि अपने 24वें टेस्ट में हासिल की. पाकिस्तान की दूसरी पारी में दो विकेट हासिल करते ही ओली रॉबिन्सन के टेस्ट विकेटों की संख्या 104 हो गई. इसके साथ ही उनकी करियर गेंदबाजी औसत घटकर 18.86 रह गई. यानी कम से कम 20 टेस्ट खेलने वाले गेंदबाजों में अब ओली रॉबिन्सन का नाम टेस्ट इतिहास के बेहद खास क्लब में शामिल हो गया है.

ओली रॉबिन्सन से पहले यह उपलब्धि इंग्लैंड के महान गेंदबाज सिडनी बार्न्स के नाम थी. सिडनी बार्न्स ने 1914 में अपना टेस्ट करियर समाप्त किया था और उन्होंने 27 टेस्ट में 189 विकेट हासिल किए थे. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 16.43 रहा था. इस लिहाज से ओली रॉबिन्सन का यह रिकॉर्ड 112 साल बाद आया है. अगर कम से कम 20 टेस्ट खेलने की बात करें, तो टेस्ट इतिहास में केवल छह गेंदबाज ऐसे हैं जिनकी गेंदबाजी औसत 20 से कम रही है. इनमें टेस्ट क्रिकेट के शुरुआती दौर के चार इंग्लिश गेंदबाज शामिल हैं. इनके अलावा इस खास लिस्ट में ओली रॉबिन्सन और भारत के जसप्रीत बुमराह का नाम आता है.

20 या उससे ज्यादा टेस्ट खेलने के बाद सबसे कम गेंदबाजी औसत

1. बिली बार्न्स – 21 टेस्ट, 51 विकेट, औसत 15.54

2. सिडनी बार्न्स – 27 टेस्ट, 189 विकेट, औसत 16.43

3. बॉबी पील – 20 टेस्ट, 101 विकेट, औसत 16.98

4. जॉनी ब्रिग्स – 33 टेस्ट, 118 विकेट, औसत 17.75

5. ओली रॉबिन्सन – 24 टेस्ट, 104 विकेट, औसत 18.86

6. जसप्रीत बुमराह – 52 टेस्ट, 234 विकेट, औसत 19.79

ओली रॉबिन्सन ने रचा इतिहास

इस लिस्ट में ओली रॉबिन्सन ने अब पांचवां स्थान हासिल कर लिया है, जबकि जसप्रीत बुमराह 19.79 की औसत के साथ छठे नंबर पर हैं. एजबेस्टन टेस्ट में ओली रॉबिन्सन का प्रदर्शन इस रिकॉर्ड को और खास बनाता है. इंग्लैंड के बड़े स्कोर के बाद पाकिस्तान की दूसरी पारी शुरू हुई तो ओली रॉबिन्सन ने शुरुआत में ही कहर बरपा दिया था. ओली रॉबिन्सन ने पारी की पहली ही गेंद पर सैम अयूब को आउट कर दिया. इसके बाद अपनी चौथी गेंद पर अब्दुलाह शफीक को भी पवेलियन भेज दिया. इस तरह पाकिस्तान का स्कोर देखते ही देखते 0 रन पर 2 विकेट हो गया.

पहली गेंद पर विकेट

ओली रॉबिन्सन का पहली गेंद पर विकेट लेना भी अपने आप में बेहद खास उपलब्धि है. वह टेस्ट इतिहास के केवल पांचवें गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने किसी सीरीज में दो बार पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया है. इससे पहले भारत के जहीर खान ने साल 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ यह कारनामा किया था. इंग्लैंड की ओर से उनसे पहले बिल वोस ने 1937 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा कमाल किया था. पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लैंड पहले ही 2-0 की बढ़त बना चुका है. अब उसकी नजर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES