WI के लिए खतरे की घंटी: तिरुवनंतपुरम में कैसा है रोहित-कोहली का रिकॉर्ड? पिछली बार 65 मिनट में किया काम-तमाम
India vs West Indies: भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का पहला ODI तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर पहले भी ये दोनों टीमें आमने-सामने हो चुकी हैं. उस मैच में भारत ने महज 65 मिनट में वेस्टइंडीज का काम-तमाम कर दिया था.
India vs West Indies ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत होने वाली है. पहला मुकाबला रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर पहले भी ये दोनों टीमें आमने-सामने हो चुकी हैं. उस मैच में भारत ने महज 65 मिनट में वेस्टइंडीज का काम-तमाम कर दिया था.
भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं. दोनों ने आखिरी इंटरनेशनल मैच 19 जुलाई को खेला था. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए ODI में हितमैन से शानदार शतक और कोहली ने अर्धशतक ठोका था. हालांकि, इसके बावजूद टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था.
तिरुवनंतपुरम में कैसा है रोहित-कोहली का रिकॉर्ड?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का पहला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में विराट कोहली और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड शानदार रहा है. Ro-Ko ने इस मैदान पर दो ODI मुकाबले खेले हैं. कोहली ने इन दो मैचों में 33 और 166 का स्कोर किया है. वेस्टइंडीज के लिए खतरे की घंटी ये है कि विराट कोहली इस ग्राउंड पर अभी तक आउट नहीं हुए हैं. 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में उन्होंने नाबाद रहते हुए 33 रन बनाए थे, जबकि आखिरी बार इस मैदान पर श्रीलंकन गेंदबाजों कि धज्जियां उड़ाते हुए 166 रनों की नाबाद पारी खेली थी.
बात करें रोहित शर्मा की तो उन्होंने इस मैदान पर दो पारियों में 105 रन बनाए हैं. 2018 में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 63 रन बनाए थे और 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 42 रनों की पारी खेली थी. हिटमैन इस मैदान पर अभी तक शतक नहीं जड़ सके हैं.
तिरुवनंतपुरम में कैसा है भारत का रिकॉर्ड?
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम को आधिकारिक तौर पर जनवरी 2015 में खोला गया था. तब से, यहां सिर्फ दो वनडे मैच खेले गए हैं. एक नवंबर 2018 में और दूसरा जनवरी 2023 में. इन दोनों मैचों में भारत ने शानदार जीत हासिल की थी.
वेस्टइंडीज का 65 मिनट में किया था काम-तमाम
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में वेस्टइंडीज का दूसरी बार भारत से सामना होगा. 8 साल पहले इस स्टेडियम में 'मेन इन ब्लू' ने कैरिबियाई टीम को गहरा जख्म दिया था. इस मैच में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 46.4 ओवर फेंके गए. रवींद्र जडेजा के 4/34 के शानदार प्रदर्शन और जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद व कुलदीप यादव के सहयोग से भारत ने वेस्टइंडीज को 31.5 ओवर में सिर्फ 104 रन पर ऑलआउट कर दिया. सभी पांचों गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट लिया, जिसमें जडेजा का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा. वेस्टइंडीज के तत्कालीन कप्तान जेसन होल्डर ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 25 रन बनाए
लक्ष्य का पीछा करते हुए, शिखर धवन के जल्दी आउट होने के बावजूद रोहित शर्मा और तत्कालीन कप्तान विराट कोहली ने आक्रामक बल्लेबाजी की. कोहली ने 29 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए, जबकि रोहित ने 56 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे. इन दोनों के दम पर भारत ने महज 14.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सिर्फ 65 मिनट में वेस्टइंडीज का काम-तमाम कर दिया.