SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

3 अक्टूबर को 4 महामुकाबले: पाकिस्तान-वेस्टइंडीज से भिड़ेगा भारत, हॉकी में मलेशिया और फुटबॉल में ब्राजील से टक्कर

3 अक्टूबर 2026 को भारतीय खेल जगत में इतिहास रचा जाएगा. एक दिन में चार बड़े मैच होने हैं. भारत-पाकिस्तान एशियन गेम्स क्रिकेट फाइनल, भारत-वेस्टइंडीज वनडे और हॉकी गोल्ड मेडल मैच के अलावा भारतीय टीम ब्राजील से फुटबॉल मैच खेलेगी.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 03, 2026, 01:01 AM IST | Updated: Oct 03, 2026, 01:24 AM IST
Image Credit: भारतीय क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल टीम आज मैच खेलेगी.
Join

3 अक्टूबर 2026 (शनिवार) का दिन भारतीय खेल प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है. इस एक ही दिन में कई अलग-अलग खेलों के हाई-वोल्टेज मुकाबले होने वाले हैं. क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता से लेकर एशियन गेम्स हॉकी का गोल्ड मेडल मैच और पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के साथ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मुकाबला सुर्खियों में रहने वाला है. दिन की शुरुआत भारत-पाकिस्तान के बीच कड़े मुकाबले से होगा. इसके बाद भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे मैच मुल्लांपुर में शुरू होगा. हॉकी में मलेशिया और फुटबॉल में ब्राजील से भिड़ंत होनी है. हम आपको यहां चारों मैच के बारे में विस्तार से बता रहे हैं...

1. भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मैच

शनिवार की सुबह क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाली है. एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट के फाइनल में भारत का मुकाबला अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से निशिन में होगा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम अपने पिछले खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से हराकर धमाकेदार अंदाज में फाइनल में जगह बनाई थी. इस जीत में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा जैसे गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था. दूसरी ओर, पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई है.

अगर मैच में बारिश की वजह से रुकावट आती है, तो एशियन गेम्स के नियमों के तहत निर्णय लिया जाएगा. बारिश के कारण मुकाबला रद्द होता है तो दोनों ही टीमों को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे. दोनों टीमें भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से मैदान पर ही मुकाबला जीतने के लिए बेताब रहेंगी.

 

;

 

2. भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 वनडे

घरेलू क्रिकेट की बात करें तो भारतीय पुरुष टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी. सीरीज में पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल अपने होम ग्राउंड पर वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ (3-0) करने के इरादे से उतरेंगे. गिल पिछले मैचों में 110 और नाबाद 223 रनों की ऐतिहासिक पारियां खेलकर शानदार फॉर्म में हैं.

विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी अपने खाते में और रन जोड़ने की कोशिश करेंगे. वेस्टइंडीज की टीम दोपहर 02:00 बजे से शुरू होने वाले इस मैच में व्हाइटवॉश से बचने के लिए पूरा जोर लगाएगी, जिसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: गोल्ड विनर्स पर पैसों की बारिश: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, कैश प्राइज का एलान, किसे कितने रुपये मिलेंगे?

3. भारत बनाम मलेशिया मेंस हॉकी फाइनल

भारतीय पुरुष हॉकी टीम इतिहास रचने से महज एक जीत दूर है. आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के गोल्ड मेडल मैच में उसका सामना मलेशिया से होगा. सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने की दौड़ में है. यह जीत न केवल इतिहास रचेगी, बल्कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए भारत का सीधा टिकट भी पक्का कर देगी.

कप्तान हरमनप्रीत सिंह 10 पेनाल्टी कॉर्नर गोल करके शानदार फॉर्म में हैं, जिन्हें अभिषेक और दिलप्रीत सिंह का बेहतरीन साथ मिला है. भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे मिलने वाली जीत हरमनप्रीत को दो एशियन गेम्स गोल्ड जीतने वाला पहला भारतीय कप्तान और मनप्रीत सिंह को तीन बार का चैंपियन बना देगी.

 

 

4. भारत बनाम ब्राजील फुटबॉल मैच

खेल के इस ब्लॉकबस्टर दिन का समापन एक बेहद ऐतिहासिक फुटबॉल मुकाबले के साथ होगा. कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ मैदान में उतरेगी. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा. दोनों देशों की सीनियर पुरुष टीमों के बीच इतिहास में यह पहला आमना-सामना है और यह पहली बार है जब ब्राजील की सीनियर टीम भारतीय धरती पर कोई मैच खेलने आई है.

मुख्य कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन में खेल रही विश्व रैंकिंग में 138वें स्थान की भारतीय टीम (ब्लू टाइगर्स) का सामना दुनिया की 5वें नंबर की मजबूत टीम ब्राजील से होगा. इस मैच का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं. इसके अलावा डिजिटल और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर मैच का सीधा आनंद लेने के लिए फैंस सोनी लिव (SonyLIV) ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES