App

4 विकेट लेने वाले अर्शदीप के ओवर में उड़ाए 3 छक्के, न्यूजीलैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज ने बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ मैच में न्यूजीलैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज ने इतिहास रच दिया. इस मुकाबले में 4 विकेट लेने वाले अर्शदीप सिंह के एक ओवर में उन्होंने 3 छक्के सहित 19 रन कूटे. 34 रनों की पारी के दौरान ब्लेयर टिकनर ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

4 विकेट लेने वाले अर्शदीप के ओवर में उड़ाए 3 छक्के, न्यूजीलैंड के 11वें नंबर के बल्लेबाज ने बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड
Image Credit: 11वें नंबर पर बैटिंग कर टिकनर ने रचा इतिहास (AP)

भारत के खिलाफ पहले वनडे में जहां न्यूजीलैंड के ज्यादातर बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए, वहीं 11वें नंबर पर बैटिंग करने आए ब्लेयर टिकनर ने इतिहास रच दिया. सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने कीवी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ने वाले स्टार भारतीय पेसर अर्शदीप सिंह को ही आड़े हाथों लिया और उनके एक ओवर में 3 छक्के जड़ दिए. ब्लेयर टिकनर ने 23 गेंदों पर 34 रनों की अहम पारी खेलकर अपनी टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया.

ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. अर्शदीप सिंह ने शुरुआत से ही कहर बरपाया और भारत को पहली सफलता दिलाई. उन्होंने पहले ओपनर विल यंग का शिकार किया और फिर हेनरी निकोल्स को पवेलियन की राह दिखाई. अर्शदीप के सामने न्यूजीलैंड के मुख्य बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए, लेकिन 11वें नंबर पर उतरे ब्लेयर टिकनर ने भारतीय गेंदबाज के होश उड़ा दिए.

अर्शदीप के एक ओवर में जड़े 3 छक्के

अर्शदीप सिंह ने अपने 9 ओवर में 47 रन देकर 4 विकेट चटका लिए थे. उम्मीद थी कि न्यूजीलैंड के आखिरी बल्लेबाज को आउट कर वो 'पंजा' खोलेंगे, लेकिन उस बल्लेबाज ने तो अर्शदीप के ओवर में धागा खोल दिया. पहली दो गेंदों पर सिक्स फिर चौथी गेंद पर छक्का, टिकनर ने सनसनी मचा दी. अर्शदीप 5 विकेट तो नहीं ले सके, बल्कि अपने स्पेल के आखिरी ओवर में 23 रन लुटा दिए. 23 गेंदों पर 34 रनों की पारी के दौरान ब्लेयर टिकनर ने 4 छक्के उड़ाए. इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.

4 छक्के जड़ टिकनर ने रचा इतिहास

भारत के खिलाफ मैच में 4 छक्के जड़कर टिकनर ने ना सिर्फ महफिल लूटी, बल्कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. वो एकदिवसीय इंटरनेशनल में 11वें नंबर पर बैटिंग करते हुए 4 छक्के जड़ने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर और नसीम शाह ने ये कारनामा किया था. ODI में अब तक कोई भी 11वें नंबर का बल्लेबाज एक पारी में 5 छक्के नहीं जड़ सका है.

ODI में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा छक्के

4- मोहम्मद आमिर बनाम इंग्लैंड, नॉटिंघम 2016
4- नसीम शाह बनाम न्यूजीलैंड, हैमिल्टन 2025
4- ब्लेयर टिकनर बनाम भारत, ऑकलैंड 2026

अर्शदीप सिंह के आखिरी ओवर में ब्लेयर टिकनर ने छक्कों की बरसात करते हुए 19 रन बनाए. वो वनडे क्रिकेट में किसी 11 नंबर के बल्लेबाज द्वारा एक ओवर में बनाए गए रनों के मामले में तीसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे शोएब अख्तर (2003 में केप टाउन में क्रेग व्हाइट के खिलाफ 21 रन) और ब्रायन विटोरी (2014 में बुलावायो में जेपी डुमिनी के खिलाफ 20 रन) हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More