)
क्रिकेट की दुनिया में एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. नामीबिया की टीम ने आयरलैंड को पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में 3-2 से मात देकर हर किसी को हैरान कर दिया है. नामीबिया ने पहली बार किसी फुल मेंबर देश को वनडे इंटरनेशनल सीरीज में हराया है. नामीबिया ने विंडहोक में खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में आयरलैंड को 5 विकेट से हराकर 3-2 से सीरीज अपने नाम कर ली.
यह नामीबिया की पहली द्विपक्षीय वनडे इंटरनेशनल सीरीज जीत है और किसी 'फुल मेंबर' देश के खिलाफ उनकी पहली सीरीज जीत भी है. पहला मैच 55 रनों से हारने के बाद, नामीबिया ने शानदार वापसी की. उन्होंने दूसरा वनडे इंटरनेशनल मैच 31 रनों से और तीसरा वनडे इंटरनेशनल मैच 63 रनों से जीता, जिससे वे सीरीज में 2-1 से आगे हो गए. इसके जवाब में आयरलैंड ने चौथा वनडे इंटरनेशनल मैच 130 रनों के बड़े अंतर से जीतकर सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया, जिससे सीरीज निर्णायक मैच तक पहुंच गई.
आयरलैंड के खिलाफ पांचवें और निर्णायक वनडे इंटरनेशनल मैच में नामीबिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए ODI सीरीज पर 3-2 से कब्जा कर लिया. निर्णायक मैच में नामीबिया के जेजे स्मिट और जैक ब्रासेल ने आयरलैंड की पारी बिखेर दी. जेजे स्मिट ने 4 विकेट और जैक ब्रासेल ने 3 विकेट झटके. आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन नामीबिया की अनुशासित गेंदबाजी के सामने वे कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सके. पूरी टीम 33.1 ओवर में सिर्फ 129 रनों पर सिमट गई.
आयरलैंड के लिए जॉर्डन नील ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए. जेजे स्मिट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि जैक ब्रासेल ने 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए. नामीबिया के सामने एक आसान-सा लक्ष्य था. नामीबिया ने लक्ष्य का पीछा बहुत आसानी से किया और सिर्फ 21.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 131 रन बना लिए, जिससे उन्होंने 172 गेंदें बाकी रहते ही जीत पक्की कर ली. लॉरेन स्टीनकैंप ने 44 गेंदों पर 46 रन बनाकर पारी को संभाला, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगाया.
कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 18 गेंदों पर तेज 30 रन बनाकर पारी को गति दी, जबकि माइकल वैन लिंगेन ने 15 रन का योगदान दिया. जेन ग्रीन 11 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने शानदार अंदाज में छक्का जड़कर मैच खत्म किया, जिससे नामीबिया की ऐतिहासिक जीत पूरी हुई. जेजे स्मिट को मैच जिताने वाली गेंदबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि गेरहार्ड इरास्मस को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का पुरस्कार मिला.