IPL 2027 से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और हेड कोच महेला जयवर्धने ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. इस बड़े घटनाक्रम के बाद फ्रेंचाइजी के भीतर लीडरशिप को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है, और रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित शर्मा की एक बार फिर कप्तान के रूप में वापसी की चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने इस बड़े बदलाव पर रिएक्शन देते हुए कहा, 'महेला ने पिछले कुछ वर्षों में मुंबई इंडियंस में बहुत बड़ा योगदान दिया है. पूरी एमआई फैमिली की तरफ से, मैं महेला को उनके इस योगदान और अटूट समर्पण के लिए धन्यवाद देती हूं.' वहीं, महेला ने भी अपने दशक लंबे सफर को याद करते हुए फ्रेंचाइजी, खिलाड़ियों और फैंस का आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने #OneFamily के रूप में हमेशा उनका समर्थन किया.
महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ नाता सिर्फ उनके हालिया कार्यकाल तक सीमित नहीं है. उन्होंने पहली बार साल 2017 में इस फ्रेंचाइजी की कोचिंग संभाली थी और अपनी बेहतरीन रणनीति के दम पर 2017, 2019 और 2020 में टीम को तीन बार आईपीएल चैंपियन बनाया था.
𝗠𝘂𝗺𝗯𝗮𝗶 𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮𝗻𝘀 𝗕𝗶𝗱 𝗮 𝗛𝗲𝗮𝗿𝘁𝗳𝗲𝗹𝘁 𝗙𝗮𝗿𝗲𝘄𝗲𝗹𝗹 𝘁𝗼 𝗠𝗮𝗵𝗲𝗹𝗮 𝗝𝗮𝘆𝗮𝘄𝗮𝗿𝗱𝗲𝗻𝗲 Mahela has been much more than a Head Coach to Mumbai Indians. Under his leadership as Head Coach, Mumbai Indians won 3 IPL titles. Read more 👉 https://t.co/GvYuetCKW5
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 17, 2026
रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस के कप्तान बन सकते हैं और फ्रेंचाइजी भी इस बात पर विचार कर रही है. रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच IPL खिताब जीते. फ्रेंचाइजी के इतिहास में उनका रिकॉर्ड बेजोड़ है, इसलिए जब मुंबई अपने लीडरशिप विकल्पों पर विचार कर रही है, तो रोहित शर्मा का नाम सबसे पहले सामने आता है. IPL 2024 से पहले, गुजरात टाइटंस से मुंबई लौटने के बाद हार्दिक पांड्या ने रोहित की जगह कप्तान का पद संभाला. अब 3 सीजन के बाद रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाने की चर्चा हो रही है.
महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस टीम के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद करते हुए, फ्रेंचाइजी और उसके मालिकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. महेला जयवर्धने ने कहा, 'मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का एक बहुत ही खास हिस्सा रही है. खिलाड़ियों, कोचिंग टीम, 'वन फैमिली' के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा. हमने साथ मिलकर कुछ शानदार पल बिताए हैं, चुनौतियों का सामना किया है और कुछ ऐसा बनाया है जिस पर हम सभी को गर्व हो सकता है.'
महेला जयवर्धने ने कहा, 'मैं श्रीमती नीता अंबानी और आकाश अंबानी को उनके अटूट भरोसे, समर्थन और दोस्ती के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं. हमने साथ मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और मेरे दिल में मुंबई इंडियंस के लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी. मैं आने वाले सालों के लिए टीम को ढेर सारी सफलता की शुभकामनाएं देता हूं.'