)
आईपीएल 2027 की तैयारियों को धार देते हुए पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लिया है. उसने हेड कोच महेला जयर्वधने को हटाने के बाद अब लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल होपकिंसन को भी बाहर कर दिया है. मुंबई ने इससे पहले जयवर्धने की जगह अपने पुराने खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच बनाया था. अब टीम चेन्नई सुपरकिंग्स की राह पर चलते हुए गेंदबाजी कोच, सहायक कोच और अन्य स्टाफ को भी बदल रही है.
पोलार्ड पहले टीम में बल्लेबाजी कोच के तौर पर जुड़े हुए थे. उन्हें प्रमोट करके फ्रेंचाइजी ने मुख्य कोच बनाया. अब नए सीजन में नए सेटअप के साथ टीम उतरना चाहती है और इसी क्रम में उसने अपने अन्य कोचों को भी हटा दिया. मलिंगा आईपीएल इतिहास में मुंबई के महान खिलाड़ियों में एक रहे हैं. वह राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच थे और बाद में टीम ने उन्हें वापस अपने पास बुला लिया था. उन्होंने मुंबई को चार आईपीएल टाइटल जीतने और 2011 में चैंपियंस लीग टी20 में चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
Mumbai Indians today announced that Lasith Malinga, Paras Mhambrey and Carl Hopkinson will be moving on from their respective roles in the men’s team coaching setup, thanking each of them for their commitment, contribution and service to the franchise. Their commitment, the relationships they have built and the memories they have helped create will always be part of our journey. We wish each of them the very best in their future endeavours. https://t.co/iQhgBABx2W
— Mumbai Indians (@mipaltan) October 29, 2026
लंबे समय तक टीम के साथ रहे म्हाम्ब्रे
पारस म्हाम्ब्रे की बात करें तो वह मुंबई इंडियंस के साथ लंबे समय से जुड़े हुए थे. 2010 से 2017 तक टीम के साथ थे. इसके बाद 2024 में फिर वापस आ गए थे. उन्होंने मुंबई की गेंदबाजी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी.इंग्लैंड के हॉपकिंसन 2025 सीजन से पहले टीम में आए थे और उनके ऊपर फील्डिंग को बेहतर करने की जिम्मेदारी थी. वह ऐसा करने में बहुत ज्यादा सफल नहीं रहे.
क्या हार्दिक पांड्या भी कप्तानी से हटेंगे?
कोचिंग स्टाफ में बदलाव के बाद कप्तानी में भी कुछ ऐसी ही संभावना देखने को मिल रही है. हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल अब तक अच्छा नहीं गुजरा है. उनकी कप्तानी में टीम तीन सीजन में सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ में पहुंच पाई है. हार्दिक के ट्रेड की अफवाहें भी उड़ रही हैं. उनका नाम कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ जोड़ा जा रहा है. अब देखना है कि वह अगले सीजन में दूसरी टीम के लिए खेलते हैं या मुंबई में ही बतौर कप्तान अपने करियर को आगे बढ़ाते हैं.
चेन्नई ने कोचिंग स्टाफ में किए बदलाव
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स ने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं. उसने हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग को बाहर कर दिया. उनकी जगह जहीर खान को यह जिम्मेदारी सौंपी. माइकल हसी, एरिक सिमंस जैसे दिग्गज भी सपोर्ट स्टाफ में अब नहीं हैं. एल्बी मोर्कल और गैरेथ बैटी टीम से जुड़े हैं. श्रीधरन श्रीराम और जेम्स फोस्टर भी जहीर का साथ देंगे.