)
एमएस धोनी की रिटायरमेंट की खबर आग की तरह फैली. अभी भी फैंस के लिए भरोसा करना मुश्किल हो रहा है, कि धोनी अगले साल मैदान में नजर नहीं आएंगे. लेकिन इसकी शुरुआत कहां से हुई, हर बार एक साल बढ़ाने वाले धोनी ने अचानक आईपीएल करियर पर विराम कैसे और कब लगा दिया, ये हम आपको समझाते हैं. इसके पीछे की इनसाइड स्टोरी रूपा गुरुनाथ ने बताई. उन्होंने खुलासा किया कि धोनी 3 दिन पहले ही फ्रेंचाइजी को जानकारी दे चुके थे.
आईपीएल 2026 में एमएस धोनी ने एक भी मुकाबला नहीं खेला था. पहले इंजरी के चलते बाहर रहे, फिर उसके बाद उन्होंने टीम कॉम्बिनेशन को छेड़ना उचित नहीं समझा. इसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे कि ये सीजन धोनी का आखिरी हो सकता है. हालांकि, आईपीएल के बाद भी कुछ महीनों तक ऐलान नहीं हुआ, तो ऐसे कयासों पर विराम लग गया. लेकिन रूपा गुरुनाथ ने धोनी की वीडियोकॉल का खुलासा किया और बताया कि कैसे उनकी एक लाइन से मीटिंग रूम में सन्नाटा छा गया.
रूपा गुरुनाथ ने सीएसके द्वारा वीडियो में कहा, "हमारे सभी सुपर फैंस को सबसे पहले पिछले दो दशकों में इस टीम को दिए गए प्यार और स्नेह के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं. आप सभी के साथ यह सफर काफी लंबा और शानदार रहा. जब मैं 2008 के ऑक्शन को याद करती हूं, तो मुझे याद आता है कि जब मेरे पिता इस टीम को खरीदना चाहते थे, तो एक बात को लेकर वे स्पष्ट थे, कि धोनी कप्तान होंगे. यह एक बहुत बड़ा फैसला था और हमारे द्वारा लिए गए सबसे बेहतरीन फैसलों में से एक था. पिछले 20 सालों से, चेन्नई सुपर किंग्स और एमएस धोनी एक साथ चले हैं. उतार-चढ़ाव और हर तरह के हालात में, वे हमेशा एक-दूसरे के साथ रहे हैं. हमने एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखा है."
(@ChennaiIPL) November 17, 2026
उन्होंने आगे बताया, "कुछ महीने पहले जब मेरी उनसे मुलाकात हुई, तो उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता कि वे आने वाले सीजन में खेल पाएंगे या नहीं. शनिवार को हम एक कॉल पर अपनी टीम से रिलीज होने वाले खिलाड़ियों के बारे में चर्चा कर रहे थे. हमने क्रिकेट से जुड़ी कई बातें कीं. हम अगले सीजन के प्लान पर विचार कर रहे थे, कि हमें किन खिलाड़ियों को चुनना चाहिए. काफी चर्चा हुई, और कॉल के आखिर में जब काशी रिलीज होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट पढ़ रहे थे, तो एमएस ने बहुत शांति से कहा, 'शायद आपको मेरा नाम भी इसमें जोड़ देना चाहिए."
"आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन उसी पल वह वीडियो कॉल कट गई. मैंने उन्हें वापस कॉल किया और कहा, 'पता है, ऐसा लगता है कि इंटरनेट भी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर पाया कि आप अगले सीजन में नहीं खेलेंगे!' लेकिन इन सब बातों को एक तरफ रख दें, तो यह मेरे लिए बहुत मुश्किल दिन था. यह एक बहुत ही कठिन पल है. मुझे नहीं लगता कि कोई भी इंसान कभी ऐसी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार हो सकता है."