App

मोहसिन नकवी की कुर्सी पर मंडराया संकट, तमीम इकबाल ACC के अगले अध्यक्ष बनने के दावेदार

ACC चेयरमैन मोहसिन नकवी की कुर्सी पर संकट के संकेत मिल रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश के तमीम इकबाल अगले ACC अध्यक्ष के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं.

मोहसिन नकवी की कुर्सी पर मंडराया संकट, तमीम इकबाल ACC के अगले अध्यक्ष बनने के दावेदार
Image Credit: Mohsin Naqvi

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में अगले साल बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी का दो साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की राह मुश्किल बताई जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ACC के पांच पूर्ण सदस्यों में से कम से कम तीन देशों का समर्थन मोहसिन नकवी के पास नहीं है. ऐसे में उनकी कुर्सी पर संकट गहराता नजर आ रहा है.

मोहसिन नकवी का मौजूदा दो साल का कार्यकाल अगले साल समाप्त होना है. हालांकि, नियमों के तहत वह कार्यकाल बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं और पहले भी ऐसा उदाहरण सामने आ चुका है, लेकिन मौजूदा समीकरण उनके पक्ष में नहीं दिख रहे हैं.

कौन बनना चाहता है ACC का अगला अध्यक्ष?

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के चेयरमैन और पूर्व बांग्लादेशी कप्तान तमीम इकबाल ने ACC अध्यक्ष पद को लेकर अपनी इच्छा सदस्य देशों के सामने जाहिर कर दी है. तमीम इकबाल मोहसिन नकवी की जगह लेने के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं.

ऐसे होता है ACC अध्यक्ष का चुनाव

ACC की चेयरमैनशिप पूर्ण सदस्य देशों के बीच रोटेशन के आधार पर चलती है. अध्यक्ष चुने जाने के लिए सभी पूर्ण सदस्यों की सहमति जरूरी होती है. मौजूदा सदस्य देशों में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान शामिल हैं. मोहसिन नकवी को 2025 में ACC की अध्यक्षता के लिए सर्वसम्मत समर्थन मिला था. यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले और पुरुष एशिया कप से जुड़े विवादों से पहले हुआ था. वहीं, भारत के जय शाह 2022 से 2024 तक ACC के अध्यक्ष रहे थे और उनका कार्यकाल भी सर्वसम्मति से आगे बढ़ा था.

ACC में होगा बड़ा बदलाव

मोहसिन नकवी के कार्यकाल को लेकर सामने आई रिपोर्टों के बाद ACC में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है. ACC एशिया में क्रिकेट के विकास और जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण संस्था है. ऐसे में अध्यक्ष पद पर बदलाव का असर क्षेत्रीय क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ सकता है. मोहसिन नकवी के कार्यकाल के दौरान भारत और ACC के बीच कई मौकों पर तनाव देखने को मिला. भारत ने पुरुष और महिला एशिया कप की ट्रॉफी नकवी से लेने से इनकार किया था. इन घटनाओं ने ACC की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर चर्चा को बढ़ा दिया था.

तमीम इकबाल का भारत को लेकर रुख

साल 2026 की शुरुआत में भारत-बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों को लेकर तनाव के बीच मोहसिन नकवी और तमीम इकबाल की मुलाकात भी हुई थी. उस दौरान मुस्तफिजुर रहमान और टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े घटनाक्रम को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट संबंध चर्चा में थे. जून 2026 में BCB अध्यक्ष बनने के बाद तमीम इकबाल ने भारत के साथ बेहतर और दोस्ताना क्रिकेट संबंधों की जरूरत पर जोर दिया. उनके नेतृत्व में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने यह भी माना कि टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला नहीं किया जाना चाहिए था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More