11 मैच 43 विकेट... 2025 से बुमराह से भी आगे मोहम्मद सिराज, फिर भी क्यों कट गया पत्ता?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली. लेकिन इस मैच से ज्यादा चर्चे मोहम्मद सिराज के देखने को मिले. उन्हें प्लेइंग-XI से ड्रॉप किया गया और सोशल मीडिया पर खलबली मच गई. आंकड़े उठाकर देखें तो सिराज स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से भी आगे नजर आते हैं.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट का पहला दिन खत्म हो चुका है. न्यूजीलैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बोर्ड पर लगाए. दिन खत्म होने के बाद भी स्टार गेंदबाज मोहम्मद सिराज के ड्रॉप होने के चर्चे लगातार देखने को मिल रहे हैं. फैंस और कई क्रिकेट पंडित कप्तान शुभमन गिल और गौतम गंभीर की रणनीति पर सवाल खड़े करते दिखे. आंकड़ों पर भी नजर डालें तो भी मोहम्मद सबसे आगे नजर आते हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में सिराज के आंकड़े जसप्रीत बुमराह से भी बेहतर हैं. आइए समझते हैं कि आखिर सिराज को फिर क्यों ड्रॉप किया गया.
WTC 2025-27 चक्र के आंकड़ों को देखें तो मोहम्मद सिराज का नाम टॉप-5 गेंदबाजों में नजर आता है. सिराज ने 11 मैच की 21 पारियों में 43 विकेट झटके हैं. वहीं, बुमराह 8 मैच की 14 पारियों में 32 विकेट लेने में ही कामयाब हुए. सिराज का स्ट्राइक रेट भी बुमराह से बेहतर रहा है. इस चक्र में उनका स्ट्राइक रेट 45.69 का रहा जबकि बुमराह ने 46.96 के स्ट्राइक रेट से 32 विकेट झटके हैं.
सिराज की जगह शामिल हुए कृष्णा
मोहम्मद सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में जगह मिली है. कृष्णा ने महज 6 मैच 2025 से खेले हैं, जिसमें उन्होंने 11 पारियों में 19 विकेट झटके और स्ट्राइक रेट 51.2 का रहा. कृष्णा को उनकी लंबाई और पिच में बाउंस से मदद लेने के लिए चुना गया है. मोहम्मद सिराज वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे. उन्होंने आखिरी वनडे में 10 ओवर में 50 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे. ऐसे में इस सीरीज में सिराज की वापसी मुश्किल नजर आती है.
ये भी पढे़ं... VIDEO: टीम इंडिया की एक गलती ने बिगाड़ा पूरा खेल, 102 रन पर छोड़ा हेनरी निकोल्स का आसान कैच, पंत-पडिक्कल बने कसूरवार
पहले दिन मैच का लेखा-जोखा
वेलिंगटन टेस्ट की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. शुरुआत बेहतरीन रही, क्योंकि टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट जल्दी गिरा दिए थे. 3 विकेट जसप्रीत बुमराह ने झटके थे. अंशुल कंबोज और आकाशदीप के खाते में महज एक-एक विकेट आया. हेनरी निकोल्स ने शतकीय पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स 94 रन पर बैटिंग कर रहे हैं.