SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

VIDEO: प्लेइंग इलेवन से बाहर होने पर छलका मोहम्मद सिराज का दर्द, चश्मे के पीछे छिपाए आंसू? लाइव टीवी पर दिखा भावुक पल, भड़के मुरली कार्तिक

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. डगआउट में भावुक दिखे मोहम्मद सिराज को लेकर मुरली कार्तिक ने उठाए सवाल हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 27, 2026, 14:08 IST | Updated: Nov 27, 2026, 14:27 IST
Image Credit: Mohammed Siraj
Join

भारतीय क्रिकेट में एक खिलाड़ी के लिए इससे ज्यादा तकलीफदेह पल क्या होगा कि वह मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हो, लेकिन टीम में उसकी जगह ही न बने. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर किए गए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज कैमरे में कुछ ऐसे नजर आए कि हर किसी का ध्यान उनकी तरफ चला गया. मोहम्मद सिराज अपनी आंखों को चश्मे से ढकते दिखाई दिए. 

मोहम्मद सिराज के इस वीडियो को देखकर लाइव कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मुरली कार्तिक भी चर्चा करने लगे. मुरली कार्तिक ने तो यहां तक कह दिया कि सिराज जैसे खिलाड़ी के लिए टीम से बाहर बैठना बेहद तकलीफदेह होगा. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में जब कैमरा मोहम्मद सिराज की तरफ गया तो वह अपनी आंखों को चश्मे से ढकते नजर आए. मैदान से सामने आई इन तस्वीरों ने कमेंट्री कर रहे अजिंक्य रहाणे और मुरली कार्तिक का ध्यान भी खींच लिया. वीडियो सामने आने के बाद मुरली कार्तिक ने कहा, 'इन तस्वीरों को देखिए.'

मोहम्मद सिराज का दर्द छलका 

मुरली कार्तिक से अजिंक्य रहाणे ने पूछा, 'क्या वह रो रहे हैं?' मुरली कार्तिक ने माना कि तेज गेंदबाज परेशान लग रहे थे. उन्होंने बताया कि जब खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जाता है, तो हर कोई अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया देता है. उन्हें लगा कि सिराज ऐसे खिलाड़ी हैं, जो हमेशा मैदान पर रहना चाहते हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं. मुरली कार्तिक ने कहा, 'पता नहीं भाई, लेकिन वह सच में काफी भावुक लग रहे हैं, क्योंकि वह स्वभाव से ही भावुक इंसान हैं.' 

चश्मे के पीछे छिपाए आंसू?

मुरली कार्तिक ने आगे कहा, 'जाहिर है, बुरा तो लगता ही है. देखिए, हमने हमेशा हर तरह के खिलाड़ियों के साथ खेला है. कुछ खिलाड़ी इसे आसानी से ले लेते हैं, और कुछ ऐसे भी होते हैं जिन्हें टीम से बाहर किए जाने पर कोई खास फर्क नहीं पड़ता, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो बस खेलना चाहते हैं. उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनके पैर में दर्द है, सिर में दर्द है, शरीर में कहीं और तकलीफ है या उन्हें ठंड लग रही है. वे अपना सब कुछ झोंक देते हैं. वे अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं. सिराज भी कुछ ऐसे ही गेंदबाज लगते हैं.'

भारतीय टीम मैनेजमेंट पर भड़के मुरली कार्तिक

मुरली कार्तिक ने आगे कहा, 'मुझे नहीं पता, लेकिन कभी-कभी इंसान अपने अंदर के दर्द को छिपा लेता है. उन्हें (मोहम्मद सिराज) वनडे मैचों में भी बाहर बिठाया गया था. यहां तक कि भारत में हुए वेस्टइंडीज दौरे पर भी, उन्हें सिर्फ आखिरी टेस्ट मैच में मौका मिला, जब टीम किसी और को नहीं खिलाना चाहती थी. ऐसी चीजें एक खिलाड़ी को बहुत तकलीफ देती हैं.' मुरली कार्तिक ने यह भी कहा कि सिराज के प्रदर्शन और उनके आंकड़ों को देखते हुए, उन्हें टीम से बाहर रखने के फैसले को समझना और भी मुश्किल हो जाता है. 

'मुझे हैरानी होती है'

मुरली कार्तिक ने सवाल उठाते हुए कहा, 'अब तक के उनके आंकड़ों को देखते हुए, मुझे हैरानी होती है कि आखिर किस वजह से ऐसा किया गया? अगर ऐसा ही है, तो उन्हें टीम में रखें ही मत. अगर आपको लगता है कि उनकी फॉर्म अच्छी नहीं है, या वे नेट्स में अच्छी गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं. मुझे नहीं पता कि इसके पीछे क्या सोच है, तो फिर उन्हें दौरे पर ले ही क्यों गए? उन्हें साथ ले जाने का फिर क्या मतलब है?' 

मोहम्मद सिराज के WTC रिकॉर्ड्स

मोहम्मद सिराज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. मोहम्मद सिराज ने 11 टेस्ट मैचों में 43 विकेट लिए हैं. भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और हेगले ओवल की हरी-भरी पिच पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. टीम ने अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में एक बदलाव किया. प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर रखा गया और पंजाब के 26 वर्षीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया गया. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES