SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

15 साल बाद क्रिकेट में ऐसा कारनामा, कुसल मेंडिस ने रचा इतिहास, कुमार संगकारा के प्रचंड रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

कुसल मेंडिस ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 100 गेंदों पर 121 रनों की शानदार पारी खेली. वह कुमार संगकारा के बाद श्रीलंका के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में वनडे शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 25, 2026, 11:08 AM IST | Updated: Sep 25, 2026, 11:30 AM IST
Image Credit: Kusal Mendis and Kumar Sangakkara
Join

श्रीलंका के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर गुरुवार को खेले गए दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में इतिहास रच दिया है. कुसल मेंडिस ने अपने हमवतन और महान बल्लेबाज कुमार संगकारा के एक प्रचंड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच में श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे और सिर्फ 100 गेंदों में 121 रनों की बेहतरीन पारी खेली. चोट के कारण पिछले हफ्ते T20I सीरीज से बाहर रहने वाले इस दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने महज 82 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया.

कुसल मेंडिस ने इसी के साथ ही अपने करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. कुसल मेंडिस श्रीलंका के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ODI शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले यह कारनामा श्रीलंका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा कर चुके हैं. कुमार संगकारा ने 15 साल पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 18 मार्च 2011 को न्यूजीलैंड के खिलाफ कप्तान रहते हुए 128 गेंदों पर 111 रनों की पारी खेली थी. कुमार संगकारा उस मुकाबले में श्रीलंका की कप्तानी के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. वह श्रीलंका के लिए ODI में सबसे ज्यादा 14234 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं. 

कुसल मेंडिस ने रचा इतिहास

लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर शतक लगाने के साथ कुसल मेंडिस इंग्लैंड के खिलाफ ODI में कप्तान के तौर पर शतक लगाने वाले श्रीलंका के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले सनथ जयसूर्या और महेला जयवर्धने यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. दोनों ने कप्तान के रूप में इंग्लैंड के खिलाफ दो-दो ODI शतक लगाए थे. इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ODI शतक लगाने वाले कुसल मेंडिस अब दुनिया के तीसरे खिलाड़ी हैं. 

इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज का बेस्ट प्रदर्शन

साउथ अफ्रीका के क्विंटन डि कॉक इस लिस्ट में पहले खिलाड़ी थे. उन्होंने 4 फरवरी 2020 को केपटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान रहते हुए 107 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज के व्हाइट-बॉल कप्तान शाई होप भी इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में दो ODI शतक लगा चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ ODI में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है. बाबर ने 13 जुलाई 2021 को बर्मिंघम में 139 गेंदों पर 158 रन बनाए थे. वह दुनिया के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ODI पारी में 150 से ज्यादा रन बनाए हैं.

रेहान अहमद ने कुसल मेंडिस को आउट कर दिया

कुसल मेंडिस ने अपनी 121 रन की पारी के दौरान कामिंदु मेंडिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की शानदार साझेदारी की. कामिंदु ने 65 गेंदों पर 54 रन बनाए. इसके बाद मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए पवन रत्नायके के साथ 40 गेंदों पर 40 रन जोड़े. पवन रत्नायके ने 39 गेंदों पर 48 रन की तेज पारी खेली. हालांकि, 36वें ओवर में रेहान अहमद ने कुसल मेंडिस को आउट कर दिया, जिससे उनकी शानदार पारी का अंत हुआ.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES