)
आईपीएल की तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को अजिंक्य रहाणे के बाद नए कप्तान की तलाश है. केकेआर इस समय इकलौती ऐसी टीम है जिसके पास कप्तान नहीं है. इस पद के लिए टीम के पास एक बड़ा दावेदार हैं, लेकिन अब तक उसके नाम पर मुहर नहीं लगी है. हम बात कर रहे हैं रिंकू सिंह की. वह लंबे समय से टीम के साथ जुड़े हैं और कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे हैं. इसे लेकर पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी संभावना जताई है.
पठान को लगता है कि रिंकू कप्तान बनने के सबसे मजबूत दावेदार हैं. उन्होंने बाएं हाथ के इस बल्लेबाज पर पूरा भरोसा जताते हुए टीम की अगुवाई करने के लिए उन्हें सही विकल्प बताया है. केकेआर ने रिंकू को रिटेन किया है और फ्रेंचाइजी के साथ उनका लंबा जुड़ाव उन्हें इस पद के लिए एक मजबूत दावेदार बनाता है. वह 2018 से टीम के साथ हैं और फ्रेंचाइजी के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में एक हैं.
इरफान पठान ने जियोस्टार के आईपीएल 2027 रिटेंशन स्पेशल शो में बात करते हुए कहा कि इस समय केकेआर के मौजूदा स्क्वॉड में कप्तानी के ज्यादा विकल्प मौजूदा नहीं हैं. ऐसे में रिंकू सिंह ही बेहतर और स्वभाविक विकल्प दिखते हैं. पठान का यह भी मानना है कि केकेआर मिनी ऑक्शन में किसी अनुभवी विदेशी खिलाड़ी पर भी दांव खेल सकती हैं. इसके लिए वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप प्रमुख विकल्प हो सकते हैं. फ्रेंचाइजी के कामकाज के तरीके को देखते हुए लगता है कि वह केकेआर अपने पुराने खिलाड़ी रिंकू सिंह को ही प्राथमिकता दे सकती है.
शाई होप ने हाल ही में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने चार मैचों में 261 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने दो नाबाद शतक लगाए थे. होप ने रांची में 45 गेंद पर नाबाद 102 रन और हैदराबाद में 50 गेंद पर नाबाद 102 रन बनाए. इसके बावजूद पठान को लगता है कि वह दावेदारों में तो रहेंगे, लेकिन केकेआर फ्रेंचाइजी अपने पुराने खिलाड़ी पर ज्यादा भरोसा दिखा सकती है.