वापसी में रबाडा का धमाका: 155 KMPH की स्पीड से फेंकी 'रॉकेट' गेंद, तोड़ा डेल स्टेन का बड़ा रिकॉर्ड
एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे कगिसो रबाडा ने 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालकर सनसनी मचा दी. उन्होंने घर पर 200 टेस्ट विकेट लेने का बड़ा कारनामा भी किया. मार्को यानसेन ने 'पंजा' खोला और ऑस्ट्रेलियाई टीम 99 रनों पर ढेर हो गई.
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट जारी है. गबेरहा के सेंट जॉर्ज पार्क मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा लंबे समय बाद वापसी कर रहे हैं. हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से रबाडा क्रिकेट से दूर थे. उन्होंने अपने कमबैक मैच में रॉकेट की रफ्तार से गेंद डालकर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा. आमतौर पर वापसी मैच में पेसर की स्पीड थोड़ी घट जाती है, लेकिन रबाडा के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं है. वो पहले से भी ज्यादा खूंखार दिखे.
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान कगिसो रबाडा ने कई गेंदें रॉकेट की रफ्तार से डाली. उनकी एक गेंद की स्पीड 155 किलोमीटर प्रति घंटे की थी. इस खतरनाक गेंद का सामना ऑस्ट्रेलिया के ओपनिंग बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने किया. गेंद पिच पर टप्पा खाने के बाद कब विकेट कीपर के दस्ताने में गई, हेड को पता ही नहीं लगा.
रबाडा ने 155 KMPH की स्पीड से दागी 'मिसाइल'
साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा पूरे एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. हालांकि, उनकी बॉलिंग से ऐसा नहीं लगा कि वो इतने दिनों से टेस्ट क्रिकेट से दूर थे. सबसे ज्यादा प्रभावित उन्होंने अपने स्पीड से की. वो लगातार 145 KMPH से अधिक की स्पीड से गेंद डालते रहे और स्पीडोमीटर पर एक गेंद की स्पीड 155 दिखाया गया.
टेस्ट में किसने फेंकी है सबसे तेज गेंद?
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज गेंद डालने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के स्टार पेसर मिचेल स्टार्क के नाम दर्ज है. 15 नवंबर 2015 को ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में वाका (WACA) में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए एक टेस्ट मैच के दौरान, स्टार्क ने 160.4 किमी/घंटा (99.66 मील/घंटा) की रफ्तार से गेंद फेंकी थी.
वापसी करते ही रबाडा ने रचा इतिहास
वापसी मैच को यादगार बनाते हुए कगिसो रबाडा ने टेस्ट क्रिकेट में अपने घर पर 200 विकेट पूरे कर लिए. डेल स्टेन, मखाया एंटिनी और शॉन पोलक के बाद वो ये कारनामा करने वाले चौथे साउथ अफ्रीकी गेंदबाज बने. इस मुकाम तक पहुंचने में रबाडा ने 38 टेस्ट लिए, जबकि स्टेन ने 37 मैचों में ये उपलब्धि हासिल की थी. हालांकि, गेंद के मामले में रबाडा ने दिग्गज स्टेन को भी पीछे छोड़ दिया है. रबाडा ने 7017 गेंदें डालकर घर पर 200 विकेट का आंकड़ा छुआ, जबकि स्टेन ने ऐसा करने के लिए 7751 गेंदें डाली थी.
यह भी पढ़ें: 36 की उम्र में शतक: तेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया को दिखाई औकात, मोहम्मद अजहरुद्दीन और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
99 रन पर ढेर हुए कंगारू
तीन मैचों की सीरीज में पहला टेस्ट हारने के बाद साउथ अफ्रीका ने दूसरे मैच में शानदार वापसी की है. टेम्बा बावुमा के शतक और मार्को यानसेन की 85 रनों की तूफानी पारी के दम पर प्रोटियाज ने पहली पारी में 425 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में कंगारू टीम महज 99 रनों पर ढेर हो गई. बल्ले से धमाका करने के बाद मार्को यानसेन ने गेंद से हल्ला बोला और 5 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ दी. कगिसो रबाडा और वियान मुल्डर ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि एनरिक नॉर्खिया को एक सफलता मिली.