IPL ट्रेड का रोमांच: चेन्नई सुपरकिंग्स से OUT होंगे खलील अहमद? 13 करोड़ी ऑलराउंडर को लाने की तैयारी में CSK
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अचानक से ट्रेडिंग विंडो में दिलचस्पी जगाकर सबको हैरान कर दिया है. सुपरकिंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को खरीदने का प्लान बनाया है और इसे लेकर बातचीत शुरू हो गई है.
आईपीएल 2027 की तैयारियों में सभी टीमें जुटी हुई हैं और अगले महीने होने वाली नीलामी से पहले ट्रेडिंग विंडो में खिलाड़ियों की अदला-बदली हो रही है. दिल्ली कैपिटल्स से कुलदीप यादव लखनऊ सुपर जाएंट्स चले गए हैं. लखनऊ से ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स में आए. अब इसी तरह के दो और ब्लॉकबस्टर डील पर पर सबकी नजरें हैं. हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स में हो सकती है. वहीं, खलील अहमद और लियाम लिविंगस्टोन की अदला-बदली चेन्नई सुपरकिंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हो सकती है.
चेन्नई की टीम इंग्लैंड के ऑलराउंडर लिविंगस्टोन को साइन करने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद से बात की है. क्रिकबज की रिपोर्ट में कहा गया है कि लिविंगस्टोन अगर आते हैं तो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को सनराइजर्स में जाना होगा. खलील पहले भी इस टीम के लिए खेल चुके हैं. हालांकि, इस डील में अड़चनें काफी हैं. लिविंगस्टोन के लिए कई अन्य टीमें भी रेस में हैं. इससे चेन्नई की मुश्किलें बढ़ गई हैं. सनराइजर्स ने इस खिलाड़ी को आईपीएल 2026 से पहले नीलामी में 13 करोड़ रुपये में खरीदा था.
लिविंगस्टोन का आईपीएल रिकॉर्ड
लिविंगस्टोन अपने नाम के अनुसार आईपीएल में अब तक शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाए है्ं. उन्होंने 49 पारियों में 155.16 की स्ट्राइक रेट 1066 रन बनाए. वह सनराइजर्स से पहले पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के सदस्य रहे हैं. पिछले सीजन में सनराइजर्स ने उन्हें दो मैचों में उतारा था और वह सिर्फ 15 रन ही बना सके थे. उनका सबसे अच्छा सीजन 2022 रहा था. लिविंगस्टोन ने तब पंजाब किंग्स के लिए 14 मैचों में 437 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: 34,000 सीट और 84 लाख दावेदार: भारत-पाकिस्तान मैच का गजब क्रेज, वर्ल्ड कप 2027 टिकट की मांग क्षमता से 247 गुना ज्यादा
लिविंगस्टोन पीछे क्यों चेन्नई?
लिविंगस्टोन एक मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं और अपनी स्पिन गेंदबाजी से काफी उपयोगी साबित होते हैं. वह आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं. इसके अलावा मध्य ओवरों में अपनी स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी टीम को परेशान करते हैं. अगर चेन्नई की पिच फिर से स्पिन फ्रेंडली बन जाती है तो वह बल्लेबाजी में वहां संघर्ष कर सकते हैं, लेकिन गेंदबाजी में उपयोगी साबित हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें: प्रेमा रावत ने रचा इतिहास: महिला T20 क्रिकेट में सिर्फ 14 गेंदों में जड़ा सबसे तेज अर्धशतक, तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
सनराइजर्स को खलील से क्या फायदा होगा?
खलील अहमद ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए कुछ अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. वह टुकड़ों में बेहतर गेंदबाजी कर पाए हैं. वह राष्ट्रीय टीम के लिए चयनकर्ताओं की योजना में नहीं हैं. अगर वह सनराइजर्स में जाते हैं तो उनकी घर वापसी होगी. उन्होंने 2018 में इसी टीम के लिए अपना आईपीएल करियर शुरू किया था. इसके अगले साल उन्होंने 19 विकेट लेकर सबका दिल जीता था. उसके बाद से वह उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके.