SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आईपीएल नीलामी कब है? गोवा में होगा मिनी ऑक्शन, 15 नवंबर तक देनी होगी रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट

आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर में होनी है. इस बार मेगा ऑक्शन नहीं होने वाला है. गोवा में मिनी ऑक्शन का आयोजन होगा और टीमें अपनी कमियों को दूर करने के लिए चुनिंदा प्लेयर्स को खरीदने का काम करेंगी.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 26, 2026, 07:13 PM IST | Updated: Oct 26, 2026, 07:48 PM IST
Image Credit: आईपीएल मिनी ऑक्शन. AI
Join

आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख सामने आ गई है. इस बार गोवा में ऑक्शन का आयोजन होगा और यह एक दिन में ही समाप्त हो जाएगा. 16 दिसंबर को बोली लगाई जाएगी और उससे एक महीने पहले सभी फ्रेंचाइजियों को अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी होगी. प्लेयर्स को रिटेन करने की आखिरी तारीख 15 नवंबर तय की गई है. इस बार जिस दिन नीलामी होगी, उसी दिन बेंगलुरु में भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला होगा.

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने हाल ही में आईपीएल फ्रेंचाइजियों को बताया है कि रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर है. इसके तुरंत बाद नीलामी के लिए रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की लिस्ट टीमों को भेजी जाएगी. उन्हें इसे शॉर्टलिस्ट करने का मौका मिलेगा. इसके बाद ऑक्शन सेट तैयार होगा.

ट्रेड विंडो कब तक खुली है?

आईपीएल 2026 फाइनल के बाद ट्रेड विंडो खोल दी गई थी. अब भी यह विंडो खुला हुआ है. आईपीएल के नियमों के अनुसार, सीजन समाप्त होने के बाद ट्रेड विंडो खुल जाती है. इस दौरान टीमें खिलाड़ियों की अदला-बदली या किसी दूसरे टीम से प्लेयर्स को खरीद सकती है. यह नीलामी के एक हफ्ते पहले तक खुली होती है. नीलामी के बाद फिर से खुल जाती है और सीजन शुरू होने से एक महीने पहले बंद होती है.

कितने खिलाड़ी ट्रेड हुए?

आईपीएल 2026 सीजन के बाद अब तक कई खिलाड़ी ट्रेड के जरिए दूसरी टीम में गए हैं. लखनऊ सुपर जाएंट्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत की जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया है. कुलदीप इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम में थे. अब लखनऊ के सदस्य हैं और उनकी जगह पंत दिल्ली की टीम में शामिल हुए हैं. दूसरी ओर, दिल्ली ने हाल ही में टी नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड किया है. सनराइजर्स के लेग स्पिनर जीशान अंसारी दिल्ली की टीम में आए हैं.

ये भी पढ़ें: भारतीय कोच का दावा: गेंदबाजों के लिए बनाया 'बुलेटप्रूफ' प्लान, टेस्ट में डेब्यू करेंगे अर्शदीप सिंह?

कब शुरू होगा आईपीएल का अगला सीजन?

आईपीएल 2027 की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अब तक नहीं हुआ है. 2024 में अगले तीन सीजन के लिए संभावित तारीखों का ऐलान हुआ था. तब बताया गया था कि 14 मार्च से 30 मई के अंदर ही मैच होंगे. हालांकि, बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया ने बीसीसीआई एजीएम के बाद इस बात के संकेत दिए थे कि टूर्नामेंट मार्च के अंत में शुरू हो सकता है.

ये भी पढ़ें: सैम अयूब पर चला पीसीबी का हंटर: पाकिस्तान की वनडे टीम से हुए बाहर, टी20 कप्तान की हो गई एंट्री

अगले साल बड़ी नीलामी

आईपीएल के मौजूदा चक्र में यह आखिरी मिनी ऑक्शन है. इसके बाद 2028 में मेगा ऑक्शन का आयोजन होने वाला है. उसके बाद आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स चक्र की शुरुआत होगी. हालांकि, बीसीसीआई ने अभी इसके लिए टेंडर जारी नहीं किए हैं. 2022 में बीसीसीआई ने आईपीएल के मीडिया राइट्स 48,390.5 करोड़ रुपये में बेचे थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES