)
IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. अक्षर पटेल अब दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान के तौर पर बने नहीं रहना चाहते हैं. अक्षर पटेल ने IPL 2025 और 2026 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की, लेकिन इन दोनों ही सीजन में टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई. भारत के लिए दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले अक्षर पटेल दो मुश्किल IPL सीजन के बाद IPL 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी करने के इच्छुक नहीं हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम मैनेजमेंट अक्षर पटेल को कप्तान के पद से हटाना नहीं चाहती है, लेकिन दुनिया की सबसे अमीर फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के अगले सीजन के लिए उन्हें इस भूमिका में बने रहने के लिए मनाना काफी मुश्किल हो सकता है. दिल्ली कैपिटल्स (DC) के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, 'अक्षर कप्तान के तौर पर बने रहने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं हैं. मैनेजमेंट उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है.'
सूत्र ने आगे कहा, 'अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स (DC) फ्रेंचाइजी के लिए बहुत अहम हैं. इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को कई बड़े और फायदेमंद ट्रेड ऑफर मिले थे, जिन्हें उन्होंने ठुकरा दिया. मैनेजमेंट ने नीलामी (ऑक्शन) पूरी होने तक कप्तान के नाम को अंतिम रूप देने का फैसला टाल दिया है.' अगर अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी छोड़ देते हैं, तो फ्रेंचाइजी ऋषभ पंत या केएल राहुल को इस जिम्मेदारी के लिए चुन सकती है. ऋषभ पंत ने 2021 से 2024 तक IPL में DC की कप्तानी की थी. इसके बाद वे लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ गए और 2025 तथा 2026 सीजन में उस टीम की कप्तानी की.
वहीं, केएल राहुल ने 2020 और 2021 में पंजाब किंग्स की, और 2022 से 2024 तक लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी की है. हालांकि, ऐसी खबरें हैं कि ये दोनों विकेटकीपर-बल्लेबाज भी कप्तानी की जिम्मेदारी लेने में बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं. सूत्र ने कहा, 'ऋषभ पंत कप्तानी के बारे में ज्यादा सोचना नहीं चाहते हैं. राहुल ने भी अभी तक इसमें कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है, लेकिन अगर अक्षर अपने फैसले पर अडिग रहते हैं, तो मैनेजमेंट को इन दोनों से बात करनी ही होगी.'
पिछले कुछ महीनों में ऐसी खबरें आई थीं कि दिल्ली कैपिटल्स (DC) फ्रेंचाइजी अक्षर पटेल को ट्रेड कर सकती है, लेकिन एक सूत्र ने बताया है कि फिलहाल फ्रेंचाइजी किसी भी खिलाड़ी को ट्रेड करने के मूड में नहीं है. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के नेतृत्व वाला नया टीम मैनेजमेंट मिडिल ऑर्डर से खुश है. कुलदीप यादव को LSG और टी. नटराजन को SRH में ट्रेड करने के बाद, अब वे अपनी बॉलिंग यूनिट को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं.