SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

श्री चरणी ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड: 22 साल की भारतीय स्पिनर ने रचा इतिहास, ICC रैंकिंग में पहली बार हुआ ऐसा

ICC Women T20I Rankings: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में इतिहास रच दिया है. उन्होंने ICC महिला T20I बॉलिंग रैंकिंग में मेगन शट (806) का रिकॉर्ड तोड़कर अब तक की सबसे ज्यादा रेटिंग हासिल की है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Sep 29, 2026, 03:13 PM IST | Updated: Sep 29, 2026, 03:45 PM IST
Image Credit: BCCI/X
Join

ICC Women T20I Rankings: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जिताने में अहम किरदार निभाने वाली स्टार स्पिनर श्री चरणी ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में इतिहास रच दिया है. उन्होंने ICC महिला T20I बॉलिंग रैंकिंग में मेगन शट (806) का रिकॉर्ड तोड़कर अब तक की सबसे ज्यादा रेटिंग हासिल की है.

महिला T20I रैंकिंग में श्री चरणी पहले से नंबर-1 पर थीं. जापान में हुए एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपनी रेटिंग को और बेहतर किया है. 817 रेटिंग के साथ उन्होंने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने नवंबर 2018 में ICC T20I रैंकिंग में 806 रेटिंग हासिल की थी.

श्री चरणी ने रैंकिंग में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

हाल ही में भारतीय टीम ने आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीता और उसके कुछ दिनों बाद एशियन गेम्स 2026 में भी गोल्ड मेडल पर कब्जा किया. इन दोनों टूर्नामेंट में चरणी भारत की मुख्य गेंदबाज रहीं. श्री चरणी ने एशिया कप में कुल 12 विकेट लिए. इसमें श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 20 रन देकर 4 विकेट भी शामिल है, जिससे भारत ने 72 रनों से जीत हासिल कर 8वीं बार ट्रॉफी अपने नाम की.

जापान में हुए एशियाई खेलों में, श्री चरणी ने मेजबान जापान के खिलाफ अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 रन देकर 4 विकेट लिए और भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया. इसके बाद, 22 सितंबर को गोल्ड मेडल मैच में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से हराया, जिसमें उन्होंने दो विकेट लिए. इस प्रदर्शन से उनकी रेटिंग 817 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई.

नंबर-2 पर दीप्ति शर्मा, स्मृति को भी फायदा

दीप्ति शर्मा ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 3 विकेट लिए थे. इससे T20I बॉलिंग रैंकिंग में उनके 754 पॉइंट्स हो गए हैं, जबकि इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 723 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर हैं.

बल्लेबाजों में, स्मृति मंधाना ICC महिला T20I बैटिंग रैंकिंग में टॉप-5 में वापस आ गई हैं. बाएं हाथ की ओपनर ने एशियाई खेलों के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ भारत की जीत में 79 रन बनाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES