India Women vs Zimbabwe Women: स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई है. रविवार, 18 अक्टूबर को रायपुर में खेले गए दूसरे मैच को भारत ने 9 विकेट से जीत लिया. तीन मैचों की सीरीज पर भारतीय महिला टीम ने एक मैच शेष रहते ही कब्जा कर लिया है. स्मृति मंधाना की कप्तानी में ये पहली सीरीज जीत है. उन्हें हरमनप्रीत कौर की जगह तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान सौंपी गई है.
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 102 रन बनाए थे. इसके जवाब में धाकड़ ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने तहलका मचाया, जिसकी बदौलत भारत ने महज 53 गेंदों पर लक्ष्य का पीछा कर इतिहास रच दिया.
महिला T20I में 100 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते इतनी बड़ी जीत किसी महिला टीम को नहीं मिली थी. स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारत ने 67 गेंद रहते हुए 102 रनों का टारगेट हासिल कर महिला टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. बता दें कि 2026 में भारत ने अभी तक 26 टी20 मुकाबले खेले हैं और 17 मैचों में उन्हें जीत मिली है. किसी भी कैलेंडर ईयर में ये भारतीय महिला टीम की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले टीम इंडिया ने 2018 में खेले गए 23 मैचों में से 16 में जीत हासिल की थी.
The Shafali Verma show in Raipur 🍿 She wins the Player of the Match award for her fiery knock 🏅 Relive ▶️ https://t.co/DG9MK5e529 #TeamIndia | #INDvZIM | @mflone_ | @TheShafaliVerma https://t.co/MGc4o0M2FL
— BCCI Women (@BCCIWomen) October 18, 2026
पिछले 1-2 सालों से शानदार फॉर्म में चल रहीं स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में तूफानी पारी खेली. स्मृति मंधाना के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 96 रनों की मैच विनिंग साझेदारी की. शेफाली ने 220.00 के स्ट्राइक रेट से जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 25 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल हैं. इस मैच में अर्धशतक जड़कर उन्होंने स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया.
शेफाली वर्मा किसी एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक 50+ स्कोर करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. स्टार बल्लेबाज 2026 में अब तक 9 बार ये कारनामा किया है. इस मामले में शेफाली ने अपनी जोड़ीदार स्मृति मंधाना को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2024 में 8 बार 50 रनों का आंकड़ा क्रॉस किया था. शेफाली वर्मा इस साल सबसे अधिक T20I रन बनाने के मामले में भी टॉप पर हैं. उन्होंने अभी तक 922 रन बनाए हैं. दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका महिला टीम की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट (824 रन) और तीसरे पर स्मृति मंधाना (821 रन) हैं.