दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाला रेस: 4x400 रिले में पिछड़ने के बाद भारत की बेटियों ने कैसे पलटी बाजी? जीता गोल्ड; VIDEO
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत का एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल जीतने का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ. महिलाओं ने दम दिखाते हुए 4x400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया.
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने गोल्ड मेडल का सिक्सर लगा दिया है. मंगलवार को महिलाओं की 4x400 मीटर रिले रेस में दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाला फाइनल हुआ. भारत की तरफ से फाइनल में किरण, पूवम्मा मचेतिरा, प्राची और विथ्या रामराज हिस्सा ले रही थीं. शुरुआती रेस में टीम इंडिया पिछड़ गई थी और ऐसा लगा कि इस स्थिति से ज्यादा से ज्यादा ब्रॉन्ज मेडल हाथ लग सकता है, लेकिन आखिरी दो लैप में बाजी पलट गई.
किरण ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन तीसरे स्थान पर रहते हुए अगली धाविका को बैटन सौंपी. इसके बाद अनुभवी पूवम्मा ने दूसरे चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को बढ़त दिलाई और फिर प्राची ने तीसरे चरण में भी उस बढ़त को बनाए रखा. इसके बाद सारी जिम्मेदारी विथ्या रामराज पर थी.
आखिरी दो धावकों ने रेस का पासा पलटा
शुरुआती दो लैप के बाद भारत दूसरे और तीसरे नंबर के बीच संघर्ष कर रहा था. बहरीन और चीन की एथलीट भी पूरी ताकत लगा रही थीं. प्राची ने तीसरे चरण में तेजी दिखाई और मजबूत पोजिशन में रहते हुए विथ्या रामराज को बैटन थमाई. इसके बाद भारत को गोल्ड जिताने की जिम्मेदारी विथ्या ने अपने कंधों पर ली और झमाझम बारिश के बीच शानदार दौड़ लगाते हुए फिनिश किया. भारत ने 3:29.69 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता.
एथलेटिक्स में हाथ लगा पहला गोल्ड मेडल
जिस लम्हे का भारतीय फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वो आखिरकार आ ही गया. एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स का आज आखिरी दिन है. भारत का यह एथलेटिक्स में एकमात्र और आखिरी गोल्ड मेडल था. बता दें कि 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत की झोली में एथलेटिक्स से 6 गोल्ड मेडल आए थे. 2026 आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत के खाते में एथलेटिक्स के जरिए एक गोल्ड, 9 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज सहित कुल 24 मेडल आए हैं.
पदक तालिका में 10वें स्थान पर भारत
एशियन गेम्स 2026 की मेडल टैली की बात करें तो 143 गोल्ड सहित 254 मेडल के साथ चीन शिखर पर मौजूद है. 6 गोल्ड सहित 52 मेडल के साथ भारत 10वें स्थान पर पहुंच गया है. मेजबान जापान दूसरे और रिपब्लिक ऑफ कोरिया तीसरा पायदान पर है.