चौथे T20I से कटेगा संजू सैमसन का पत्ता? वैभव सूर्यवंशी ने बढ़ाई टेंशन, टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं बड़े बदलाव
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी की एंट्री हो सकती है. संजू सैमसन की कंसिस्टेंसी पर सवाल उठ रहे हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच आज शाम 7:00 बजे से शुरू होगा. भारतीय टीम शुरुआती तीन मुकाबलों के बाद इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-1 से आगे है. अब तक खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों को काफी मदद मिली है. पिछले दो T20I मैचों में दोनों ही टीमों ने 2-2 बार 200 से ज्यादा रनों का आंकड़ा पार किया है.
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में 32 की औसत और 171.43 के स्ट्राइक रेट से 96 रन बनाए हैं. संजू सैमसन ने इस सीरीज में अर्धशतक भी लगाया है, लेकिन वह कंसिस्टेंट नहीं रहे हैं. संजू सैमसन ने पिछले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में 11, 82, 3 रन के स्कोर बनाए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में 82 रन की एक पारी को छोड़कर संजू सैमसन के बाकी मुकाबलों का प्रदर्शन खराब रहा है.
चौथे T20I से कटेगा संजू सैमसन का पत्ता?
ऐसे में चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच की प्लेइंग इलेवन में उन्हें मौका मिलेगा या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी. संजू सैमसन के खराब फॉर्म की वजह से भारतीय टीम मैनेजमेंट को हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे T20I मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना पड़ सकता है. संजू सैमसन ने अपनी पिछली 10 T20I पारियों में 27, 10, 57, 50, 9, 7, 2, 11, 82 और 3 रन के स्कोर बनाए हैं. इन 10 पारियों में उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 25 से थोड़ा ज्यादा रहा है.
प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं बड़े बदलाव
इसके उलट, उनके ओपनिंग पार्टनर अभिषेक शर्मा ने अपनी पिछली 10 T20I पारियों में एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 41 के करीब रहा है. संजू सैमसन को लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में मुश्किल हुई है. संजू सैमसन को 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से चुनौती मिल रही है, जिन्हें जापान में एशियन गेम्स 2026 के कुछ मैच खिलाने के बाद वापस बेंच पर भेज दिया गया. चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जा सकता है.
भारत ने तीसरे T20I के लिए अपनी प्लेइंग XI में दो बदलाव किए थे. शिवम दुबे और कुलदीप यादव की जगह नीतीश रेड्डी और प्रिंस यादव को शामिल किया गया. प्रिंस यादव अपने चार ओवरों में कोई विकेट तो नहीं ले पाए, लेकिन बल्ले से उन्होंने असरदार खेल दिखाया. 10वें नंबर पर बैटिंग करने आए प्रिंस यादव ने 6 गेंदों पर नाबाद 13 रन बनाए. नीतीश ने भी बल्ले से योगदान दिया, लेकिन गेंदबाजी में वे महंगे साबित हुए, हालांकि उन्होंने एक विकेट जरूर लिया.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, मयंक यादव/कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव.