न्यूजीलैंड और भारत के बीच मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में डिसीजन रिव्यू सिस्टम (DRS) के हिस्से के रूप में पहली बार 'Sonic' टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने यह जानकारी दी है. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) के मुताबिक यह मंजूरी न्यूजीलैंड में होने वाली 'ब्लैककैप्स' टीम बनाम भारत की सीरीज के लिए है. न्यूजीलैंड में तैयार की गई इस एज-डिटेक्शन टेक्नोलॉजी के शामिल होने का मतलब है कि 'वर्चुअल आई', जिसे 2008 से ही बॉल-ट्रैकिंग के लिए ICC की मान्यता प्राप्त है. 'Sonic' टेक्नोलॉजी अंपायरों की मदद करने के लिए है.
'सोनिक' तकनीक, एडवांस ऑडियो एनालिसिस का उपयोग करती है. यह थर्ड अंपायर को तब मदद करती है, जब उन्हें यह जांचना होता है कि गेंद बल्ले से टकराई है या नहीं. NZC ने बताया कि यह मंजूरी, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ मिलकर किए गए टेस्टिंग, वैलिडेशन और इंडिपेंडेंट इवेलुएशन के बाद मिली है. इसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का भी समर्थन प्राप्त है.
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) के चीफ मार्केटिंग और कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा, 'खेल में फैसलों की निष्पक्षता और सटीकता बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए इतनी व्यापक परीक्षण और मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई गई है.' उन्होंने आगे कहा, 'इस टेक्नोलॉजी का डीप वेरिफिकेशन और इंडिपेंडेंट रिव्यू किया गया है और हम इसके नतीजों से खुश हैं. हम इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), स्काई (Sky) और वर्चुअल आई को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं.'
स्काई के हेड ऑफ स्पोर्ट कंटेंट, गैरी बर्चेत ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक अहम समर सीजन से पहले, यह मंजूरी एक बहुत ही उत्साहजनक घटनाक्रम है.' भारत, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगा, जिसके बाद 4 से 15 नवंबर तक पांच वनडे (ODI) मैच होंगे. यह दौरा 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेले जाने वाले दो टेस्ट मैचों के साथ समाप्त होगा.
बता दें कि टीम इंडिया ने अपने न्यूजीलैंड दौरे का आगाज जीत के साथ किया है. भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड की टीम को 4 विकट से हरा दिया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने इसी के साथ ही पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में होगा.