न्यूजीलैंड दौरे के लिए कब होगा भारत की वनडे टीम का ऐलान? सामने आ गया बड़ा अपडेट
प्रज्ञान ओझा ने बुधवार को हैदराबाद में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर से मुलाकात की. BCCI द्वारा उन्हें नेशनल सेलेक्शन कमेटी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद, यह उनके साथ उनकी पहली मुलाकात थी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान अगले दो से तीन दिनों में होने की उम्मीद है. यह पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज 4 नवंबर को ऑकलैंड में शुरू होगी. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक प्रज्ञान ओझा ने बुधवार को हैदराबाद में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और हेड कोच गौतम गंभीर से मुलाकात की.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा अंतरिम चीफ सेलेक्टर नियुक्त किए जाने के बाद, यह प्रज्ञान ओझा की शुभमन गिल और गौतम गंभीर के साथ पहली मुलाकात थी. हाल ही में पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ 'लिस्ट ए' सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले मुंबई के फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे, पहली बार वनडे इंटरनेशनल टीम में चुने जाने के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं.
कब होगा भारत की वनडे टीम का ऐलान?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन अगले दो से तीन दिनों में किया जाएगा. देवजीत सैकिया ने कहा, 'हम अगले दो से तीन दिनों में भारत की वनडे टीम चुन लेंगे.' माना जा रहा है कि तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा 24 या 26 अक्टूबर को बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 'रिटर्न टू प्ले' (RTP) टेस्ट से गुजरेंगे. इसके बाद सेलेक्टर्स दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर सकते हैं, जो 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगी.
वनडे सीरीज 4 नवंबर को ऑकलैंड में शुरू होगी
प्रज्ञान ओझा की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमेटी ने न्यूजीलैंड में होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम पहले ही चुन ली थी, जो 22 अक्टूबर से शुरू होगी. पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर को ऑकलैंड में शुरू होगी. लगातार चोटों के कारण हार्दिक पांड्या लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं और उनके प्रदर्शन में भी गिरावट आई है. ऐसे में, हार्दिक पांड्या के सबसे अच्छे विकल्प माने जाने वाले सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के साथ-साथ, सूर्यांश शेडगे के लिए भी मौके बन सकते हैं.
19 नवंबर से टेस्ट सीरीज की शुरुआत
सूर्यांश शेडगे अब मुंबई की टीम के साथ जुड़ने जा रहे हैं, जो 18 अक्टूबर से बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ अपना दूसरा रणजी ट्रॉफी (2026-27 सीजन) मैच खेलेगी. टौरंगा में पांचवां वनडे 15 नवंबर को खेला जाएगा, जबकि वेलिंगटन में पहला टेस्ट 19 नवंबर से शुरू होगा. इसका मतलब यह है कि न्यूजीलैंड की तरह, भारत भी वनडे सीरीज के लिए एक 'स्प्लिट स्क्वॉड' चुन सकता है, क्योंकि भारत के कुछ नियमित खिलाड़ी अहम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) सीरीज की तैयारी के लिए रेड बॉल (लाल गेंद) से अभ्यास कर सकते हैं. भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में खेलने की संभावना कम है, क्योंकि टीम मैनेजमेंट चाहता है कि वह दौरे पर टेस्ट सीरीज पर ध्यान दें.