App

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगा बड़ा दाग, अब दांव पर ODI सीरीज, पांचवें मैच में क्या होगी रणनीति?

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी ODI मैच में टीम इंडिया के सामने सीरीज जीतने की चुनौती होगी. यश ठाकुर और तिलक वर्मा को पांचवें और आखिरी ODI मैच के लिए प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है.

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगा बड़ा दाग, अब दांव पर ODI सीरीज, पांचवें मैच में क्या होगी रणनीति?
Image Credit: India vs New Zealand 5th ODI Match

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला रविवार को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा. यह वही मैदान है, जहां न्यूजीलैंड ने भारत को कभी न भूलने वाली हार दी थी. चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत को इसी मैदान पर न्यूजीलैंड ने 244 रन से हराया था. फिलहाल भारत इस पांच मैचों की ODI सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से आगे है. माउंट माउंगानुई में रविवार को होने वाला पांचवां और आखिरी मुकाबला ही तय करेगा कि यह ODI सीरीज किसके नाम होगी. न्यूजीलैंड ने ODI सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद भारत के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में धमाकेदार वापसी की है. 

चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड के लिए विल यंग ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 125 रन बनाए, जबकि मैट हेनरी ने 27 रन देकर 6 विकेट लिए. इस मैच में भारतीय टीम 26.4 ओवर में सिर्फ 89 रनों पर सिमट गई और उसे 244 रन से शर्मनाक हार मिली. यह वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर आखिरी दो ODI मैचों में भारत की कप्तानी कर रहे हैं. 244 रन की शर्मनाक हार से श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर बड़ा दाग भी लगा है, जिसे वह आखिरी ODI में बेहतरीन प्रदर्शन कर हर हाल में मिटाना चाहते हैं.

अब दांव पर ODI सीरीज

चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में माउंट माउंगानुई के मैदान पर मिली 244 रनों की करारी हार के बाद भारत को अब सीरीज जीतने के लिए पांचवें और आखिरी ODI मैच में जीत हासिल करनी होगी या फिर यह दुआ करनी होगी कि मुकाबले का कोई नतीजा न निकले, तभी वे सीरीज जीतकर ट्रॉफी उठा पाएंगे. वहीं, न्यूजीलैंड के लिए लगातार दूसरी जीत बहुत जरूरी है, ताकि वे सीरीज बराबर कर सकें और अपने घरेलू मैदान पर अपना दबदबा बनाए रख सकें.

पांचवें मैच में क्या होगी रणनीति?

चौथे वनडे इंटरनेशनल मैच में कुलदीप यादव को कोई विकेट नहीं मिला था और उन्होंने 8 ओवर में 73 रन लुटाए थे. हालांकि इसके बावजूद कुलदीप यादव को एक और मौका दिया जा सकता है. भारत की टेस्ट तैयारियों के कारण पांचवें ODI मैच से गुरनूर बरार के बाहर रहने की संभावना है. गुरनूर बरार भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा तो नहीं हैं, लेकिन फिर भी उन्हें न्यूजीलैंड में ही रुकने के लिए कहा गया है, ताकि वे नेट गेंदबाजों के रूप में टेस्ट टीम के बल्लेबाजों की मदद कर सकें. गुरनूर बरार अगर बाहर होते हैं तो उनकी जगह यश ठाकुर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में खेलने का मौका मिल सकता है.

यश ठाकुर और तिलक वर्मा को मिल सकता है मौका

यश ठाकुर के पास वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का अच्छा मौका है. न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे ODI मैच में ऋतुराज गायकवाड़ को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने का मौका दिया गया, लेकिन वह सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए. पांचवें और आखिरी ODI मैच में ऋतुराज गायकवाड़ को बाहर कर तिलक वर्मा को मौका दिया जा सकता है.रविवार को होने वाले इस अहम ODI मैच में तिलक वर्मा को नंबर 5 और ईशान किशन को ओपनिंग में भेजा जा सकता है. तिलक वर्मा फॉर्म में चल रहे हैं और वह पांचवें और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर को मजबूती दे सकते हैं.

पांचवें और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, कुलदीप यादव, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More