)
भारतीय क्रिकेट टीम के एक फैसले ने क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट मैच के दौरान नई बहस छेड़ दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट में आकाश दीप हेलमेट पर गेंद लगने के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं. आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर शामिल किया गया और BCCI की मेडिकल टीम घायल तेज गेंदबाज आकाश दीप की निगरानी कर रही है. इस फैसले के बाद बवाल मच गया कि आखिर मोहम्मद सिराज को 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर चुना क्यों नहीं गया.
भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आकाश दीप के 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर मोहम्मद सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल करने के टीम मैनेजमेंट के फैसले का समर्थन किया है. वहीं, क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में सिराज को टीम में न चुने जाने पर सवाल उठाए हैं. रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी को लाना एक समझदारी भरा कदम है, जो पहले ही इस सीरीज में खेल चुका है.
रविचंद्रन अश्विन ने सुझाव दिया कि मोहम्मद सिराज को असरदार प्रदर्शन करने के लिए शायद कुछ समय की जरूरत हो सकती है. रविचंद्रन अश्विन ने 'एक्स' पर लिखा, 'जब 'कनकशन सब्स्टिट्यूट' चुनने का मौका हो, तो ऐसे खिलाड़ी को लाना हमेशा अच्छा रहता है जो पहले ही सीरीज में खेल चुका हो. मोहम्मद सिराज के लिए सीधे आकर तुरंत खेलना मुश्किल हो सकता था.'
दूसरी ओर, हर्षा भोगले ने मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट के तौर पर न चुने जाने पर हैरानी जताई और उनके सेलेक्शन को लेकर सवाल खड़े किए. हर्षा भोगले ने 'एक्स' पर लिखा, 'भारत के लिए 'कनकशन सब्स्टिट्यूट'. आकाश दीप बाहर हो गए हैं और प्रसिद्ध कृष्णा अंदर आए हैं. मोहम्मद सिराज के साथ जरूर कोई गंभीर बात है, जिसकी वजह से उन्हें सेलेक्शन के लायक नहीं माना गया. पहली पारी में आकाश दीप भारत के सबसे बेहतरीन गेंदबाज थे, इसलिए उनका बाहर होना एक बड़ा नुकसान है.'
पहली पारी में आकाश दीप भारत के सबसे शानदार गेंदबाज रहे थे. उन्होंने 5 विकेट लिए थे और बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 29 रन भी बनाए थे. वह तब घायल हुए जब उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े थे. प्रसिद्ध कृष्णा को मोहम्मद सिराज के ऊपर प्राथमिकता दी गई, जबकि मोहम्मद सिराज भी चयन के लिए उपलब्ध थे. इस बीच, न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने भारतीय गेंदबाजी की कमान संभाली है और अब तक गिरे 3 विकेटों में से उन्होंने 2 विकेट लिए हैं.