SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सिराज की वापसी से बदलेगा टीम इंडिया का गेम, मोर्कल ने खोला बड़ा राज, गुरनूर बरार की एंट्री पर भी दिया हिंट

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने मोहम्मद सिराज का बचाव किया है. मोर्ने मोर्कल ने मोहम्मद सिराज को वर्ल्ड क्लास गेंदबाज बताया है और गुरनूर बरार के डेब्यू पर भी बड़ा संकेत दिया है.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 26, 2026, 14:15 IST | Updated: Nov 26, 2026, 14:52 IST
Image Credit: Mohammed Siraj and Morne Morkel
Join

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया था. भारतीय टीम मैनेजमेंट का यह फैसला गलत साबित हुआ और वेलिंगटन टेस्ट में 720 रन बनाने के बावजूद टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई. न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट मैच में भारत को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा. भारत को अब कल यानी शुक्रवार (27 नवंबर) से न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर दूसरा टेस्ट मैच खेलना है.

क्राइस्टचर्च टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्केल ने मोहम्मद सिराज की काबिलियत पर भरोसा जताया है. मोर्ने मोर्केल ने मोहम्मद सिराज को खुद में सुधार करने और जिम्मेदारी लेने की सलाह दी है. भारत यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा और आखिरी निर्णायक टेस्ट खेलने की तैयारी कर रहा है. मोर्ने मोर्केल ने मोहम्मद सिराज को वर्ल्ड-क्लास बॉलर बताया और कहा कि टीम सेलेक्शन के फैसले किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं होते. मोहम्मद सिराज वेलिंगटन में पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे, जहां भारतीय गेंदबाज 20 विकेट लेने के लिए संघर्ष करते दिखे और मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ.

सिराज की वापसी पर मोर्ने मोर्कल का बड़ा बयान

मोर्ने मोर्केल ने कहा, 'मेरी नजर में वह (मोहम्मद सिराज) अच्छी गेंदबाजी कर रहा है. वह अभी जिस दौर से गुजर रहा है, उसके बावजूद वह मेरे लिए एक वर्ल्ड-क्लास बॉलर है. कभी-कभी सेलेक्शन से जुड़े फैसले लेना मुश्किल होता है, यह आसान नहीं है. मैंने उससे यही बात की कि देखो, थोड़ा पीछे हटकर सोचते हैं. अभी हम कहां हैं, हमें किस चीज में सुधार करने की जरूरत है और हम कहां बेहतर हो सकते हैं? सेलेक्शन हमारे हाथ में नहीं है. यह पूरी तरह से खुद की जिम्मेदारी लेने और उसे समझने की बात है.' 

इस गेंदबाज को बताया वर्ल्ड क्लास

वेलिंगटन में पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद दो मैचों की सीरीज 0-0 से बराबर है. भारत अब जीत हासिल करने के लिए बेताब होगा, ताकि ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने की उनकी उम्मीदें बनी रहें. भारत अभी WTC स्टैंडिंग में 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है. उनसे आगे साउथ अफ्रीका (75), ऑस्ट्रेलिया (69.23) और न्यूजीलैंड (66.67) हैं. इस साइकिल के अंत में टॉप दो टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी, जो 9-13 जून, 2027 को लंदन के द ओवल में खेला जाएगा. 

सभी खिलाड़ी खेलना चाहते हैं WTC फाइनल 

मोर्ने मोर्केल ने माना कि भारत के सामने एक कठिन चुनौती है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम को पॉइंट्स टेबल के दबाव में आने के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर ध्यान देना चाहिए. मोर्ने मोर्केल ने कहा, 'ये सभी खिलाड़ी उस WTC फाइनल में खेलना चाहते हैं, और वहां तक ​​पहुंचने के लिए वे अपनी पूरी जान लगा देंगे, लेकिन अगर हम ईमानदारी से कहें, तो यह एक बड़ी चुनौती होने वाली है. इसलिए, किसी भी खराब सेशन के बाद, हमें उन चीजों में नहीं उलझना चाहिए जो हमें करनी हैं. हमें बस अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने, समस्याओं का समाधान खोजने और आगे बढ़ने पर ध्यान देना है. हम इसी बारे में सबसे ज्यादा बात करेंगे. हर सेशन को अलग-अलग मानकर चलना और इस बात पर फोकस करना कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट कैसे खेल सकते हैं.' 

गुरनूर बरार की एंट्री के भी संकेत

मोर्ने मोर्केल ने यह भी संकेत दिया कि अनकैप्ड तेज गेंदबाज गुरनूर बरार टेस्ट डेब्यू की दौड़ में बने हुए हैं. उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 15.89 की औसत से 9 विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया. मोर्ने मोर्केल ने कहा, 'जब से गुरनूर बरार भारतीय टीम से जुड़े हैं, उनकी गति और उछाल को लेकर काफी उत्साह है. मुझे लगता है कि वह यहां की परिस्थितियों के लिए बिल्कुल उपयुक्त खिलाड़ी हैं. देखते हैं आगे क्या होता है.' 

मोर्ने मोर्केल ने आगे कहा, 'गुरनूर बरार लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. वह सब कुछ सही कर रहे हैं. सेलेक्शन उनके हाथ में नहीं है. उन्हें बस यह सुनिश्चित करना है कि जब भी मौका मिले, वह पूरी तरह तैयार रहें. कई बार, जब हम किसी बड़े मौके के करीब होते हैं, तो एक गेंदबाज के तौर पर ध्यान भटक सकता है. जब उन्हें मौका मिलेगा, तो मेरा काम यह सुनिश्चित करना होगा कि वह 100 प्रतिशत तैयार रहें.' सभी तेज गेंदबाजों के फिट और उपलब्ध होने के कारण, भारत पांच दिनों तक अनुशासित प्रदर्शन करना चाहेगा, ताकि वे सीरीज जीत सकें और अहम WTC अंक हासिल कर सकें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES