App

हवाओं के शहर वेलिंगटन में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, हेनरी स्टेडियम में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे शनिवार को वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक 4 ODI मुकाबले खेले हैं. आइए जानते हैं कि Windy Wellington में भारत का प्रदर्शन कैसा रहा है.

हवाओं के शहर वेलिंगटन में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, हेनरी स्टेडियम में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
Image Credit: वेलिंगटन में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, हेनरी स्टेडियम में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? (AI Graphic)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे इंटरनेशनल मैच शनिवार (7 नवंबर) को खेला जाएगा. हवाओं के शहर वेलिंगटन में दोनों टीमों का आमना-सामना होगा. 5 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 1-0 से आगे है. ऑकलैंड में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी. अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज ने गेंद से कहर बरपाया था, जबकि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बल्ले से महफिल लूटी थी. उन्होंने अपने ODI करियर का 80वां अर्धशतक ठोका था.

वेलिंगटन में भी टीम इंडिया जीत के मोमेंटम को बरकरार रखना चाहेगी. वहीं, मिचेल सैंटनर की अगुआई वाली टीम वापसी करने को बेताब होगी. हवाओं के शहर में एक रोचक मुकाबला होने की पूरी उम्मीद है. वेलिंगटन में मुख्य रूप से दो क्रिकेट स्टेडियम हैं, जहां इंटरनेशनल मैच खेले जाते हैं. एक बेसिन रिजर्व और दूसरा हेनरी स्टेडियम. भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे हेनरी स्टेडियम में खेला जाएगा.

वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड

वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में भारत ने अभी तक 4 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं. 2003 में खेले गए अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 2 विकेट से हराया था. 2009 में खेला गया ODI मैच बारिश की वजह से धुल गया. 2014 में न्यूजीलैंड ने भारत को 87 रनों से मात दी. 2019 में हुए आखिरी मैच में टीम इंडिया ने कीवियों को 35 रन से शिकस्त दी थी. कुल मिलाकर भारत ने इस मैदान पर 4 ODI खेले हैं, दो में जीत मिली है, जबकि एक में हार का सामना करना है और एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका था.

बात करें न्यूजीलैंड की तो, उन्होंने हेनरी स्टेडियम में अब तक 29 एकदिवसीय इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. 17 मैचों में उन्हें जीत मिली है, जबकि 10 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. दो मैचों के नतीजे नहीं निकले.

भारत-न्यूजीलैंड का हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 124 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले हुए हैं. 64 मैचों में टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि 52 में न्यूजीलैंड को जीत मिली है. आखिरी 5 ODI की बात करें तो तीन में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि दो मुकाबले कीवियों के नाम रहे हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More