ICC का बड़ा एलान: भारत करेगा 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वर्ल्ड कप की मेजबानी, पाकिस्तान को क्या मिला?
आईसीसी ने मेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2029 की मेजबानी भारत को सौंप दी है. इसके अलावा भारत वनडे वर्ल्ड कप 2031 में बांग्लादेश के साथ सह-मेजबान भी होगा. पाकिस्तान में 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप के मैच आयोजित होंगे.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने रविवार (15 नवंबर) को 2035 तक होने वाले पुरुष और महिला क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंट के मेजबानों का एलान कर दिया. इंडोनेशिया के बाली में आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के दौरान यह फैसला हुआ कि भारत 2029 में मेंस चैंपियस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. इसके अलावा वह 2031 में बांग्लादेश के साथ वनडे वर्ल्ड कप के मैचों का भी आयोजन करेगा. इसके अलावा आईसीसी ने यह भी बताया कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए क्रिकेट क्वालिफिकेशन इवेंट्स अमेरिका और बांग्लादेश में होंगे. अमेरिका की धरती पर 2028 में 5 से 13 फरवरी तक मेंस ओलंपिक क्वालिफायर और उसी साल बांग्लादेश में 25 फरवरी से 5 मार्च तक विमेंस ओलंपिक क्वालिफायर का आयोजन होगा.
आईसीसी बोर्ड ने 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले मेन्स टी20 वर्ल्ड कप से लेकर 2035 में होने वाले मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप तक के बड़े मेन्स इवेंट्स के लिए विंडो को मंजूरी दे दी है. इस कैलेंडर में मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के चार संस्करण, दो वनडे वर्ल्ड कप, तीन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और दो चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट शामिल हैं. 2029 मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी भारत में 9 से 28 अक्टूबर तक होगी. भारत और बांग्लादेश मिलकर 2031 मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप को 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित करेंगे. इंग्लैंड 2029 और 2031 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा. यह क्रमश: 8-12 जून और 12-16 जून को होगा.
यूके में होगा 2030 टी20 वर्ल्ड कप
मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2030 का आयोजन यूके में होगा. इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की संयुक्त मेजबानी में यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक होगा. टूर्नामेंट के 2032 और 2034 संस्करण के लिए मेजबान देश के नाम पर अभी मुहर नहीं लगी है. 2033 चैंपियंस ट्रॉफी 2 से 23 अक्तूबर तक चलेगी. वहीं, 2033 और 2035 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल क्रमश: 9-13 जून और 7-11 जून को होगी. इन तीनों बड़े इवेंट के लिए अभी मेजबान के नाम तय नहीं हुए हैं. 2035 तक के कैलेंडर का अंतिम इवेंट 2 अक्टूबर से 18 नवंबर को मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप होगा. इसके मेजबान के नाम की घोषणा बाद में होगी.
ये भी पढ़ें: गौतम गंभीर की कोचिंग में विदेशी जमीन पर पहली सीरीज जीत, 7 साल और 11 सीरीज के बाद घर में हारा न्यूजीलैंड
2027 वर्ल्ड कप के लिए 10 टीमों का क्वालिफायर
आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2027 का आयोजन अगले साल फरवरी और मार्च में होगा. इसमें 10 टीमें 23 मैच खेलेंगी. टूर्नामेंट की शुरुआत पांच-पांच टीमों के दो ग्रुप से होगी. इसके बाद सेमीफाइनल और एक फाइनल होगा. टॉप चार टीमें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन हासिल करेंगी. हालांकि, क्वालिफिकेशन प्रोसेस में एक एक्स्ट्रा लेयर होगी. टूर्नामेंट जीतने वाली टीम सीधे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में पहुंच जाएगी, जबकि बाकी तीन क्वालिफाइड टीमें फाइनल ग्रुप स्टेज स्पॉट तय करने के लिए एक सुपर सीरीज में मुकाबला करेंगी.
2028 में कहां होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप?
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए 10 टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं. आईसीसी ने इसके लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया को भी मंज़ूरी दे दी है. इसमें 10 टीमें पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं. टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान में होगा. उसे मेजबान होने के नाते डायरेक्ट एंट्री मिल चुकी है. ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ़्रीका, बांग्लादेश, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और आयरलैंड ने भी अपना स्थान बना लिया है. बाकी दो जगहों का फैसला 10 टीम ग्लोबल क्वालिफायर के जरिए किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 'प्रपोज करते समय बहुत नर्वस था...': सगाई के बाद अर्शदीप सिंह ने खोला दिल का राज, मंगेतर को दिया सफलता का श्रेय
क्वालिफायर में नीदरलैंड और स्कॉटलैंड
नीदरलैंड और स्कॉटलैंड ने 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, लेकिन दोनों 2028 संस्करण में डायरेक्ट एंट्री मिली नहीं. अब दोनों ही देश सीधे ग्लोबल क्वालिफायर में हिस्सा लेंगे. उनके साथ आठ टीमें भी होंगी जो 2027 में होने वाले पांच रीजनल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट से आगे बढ़ेंगी. ग्लोबल क्वालिफायर की टॉप दो टीमें 2028 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए 12 टीम का लाइन-अप को पूरा करेंगी.