न्यूजीलैंड के इस मैदान पर कभी नहीं जीता भारत, क्या अब टूटेगा 58 साल पुराना तिलिस्म?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. इस शहर में टीम इंडिया को 58 सालों से पहली टेस्ट जीत का इंतजार है. क्राइस्टचर्च में मौजूद दोनों स्टेडियम को मिलाकर भारत ने 5 टेस्ट खेले हैं, 3 में हार का सामना करना पड़ा, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. ये मुकाबला 27 नवंबर से 01 दिसंबर तक हेगले ओवल मैदान पर होगा. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया था, जो ड्रॉ हो गया. दूसरे मैच में टीम इंडिया जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी, लेकिन ये इतना आसान नहीं होगा. क्राइस्टचर्च में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड बेहद खराब है. भारतीय टीम ने यहां अभी तक जीत का स्वाद ही नहीं चखा है.
सबसे पहले ये साफ कर दें कि भारत बनाम दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाएगा. 1968 से लेकर 1990 तक इसी शहर में मौजूद AMI स्टेडियम में टेस्ट मुकाबले खेले जाते थे. दो दशकों की उस अवधि के दौरान भी भारत ने क्राइस्टचर्च में जीत का स्वाद नहीं चखा था. इसके बाद स्टेडियम बदला, लेकिन किस्मत नहीं.
क्राइस्टचर्च में कभी नहीं जीता भारत
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जब टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी तो उनका इरादा इतिहास बदलने का होगा. वैसे भी शुभमन एंड कंपनी के लिए ये मुकाबला 'करो या मरो' जैसा है. WTC 2027 फाइनल की रेस से भारत लगभग बाहर हो चुका है. थोड़ी-सी उम्मीद बाकी है, लेकिन उसके लिए भी इस साइकिल में बाकी बचे 6 मैचों में जीत हासिल करनी होगी. एक हार से इस बात पर मुहर लग जाएगी कि टीम इंडिया WTC 2027 फाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है. ऊपर से टीम इंडिया पर क्राइस्टचर्च में कभी नहीं जीतने का एक्स्ट्रा दबाव भी होगा.
क्राइस्टचर्च के दोनों स्टेडियम को मिलाकर भारत ने यहां 5 टेस्ट मुकाबले खेले हैं. AMI स्टेडियम में टीम इंडिया ने 4 टेस्ट खेले, जिसमें से दो में हार का सामना करना पड़ा, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे. हेगले स्टेडियम में भारत ने इकलौता टेस्ट 2020 में खेला था. उस मैच में भारत को 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 242 रन बनाए, लेकिन अपनी दूसरी पारी में टीम 124 रन पर ही सिमट गई और उसे ब्लैककैप्स के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच इस मैदान पर भारत का एकमात्र मुकाबला रहा, जिसमें वे न्यूजीलैंड की गेंदबाजी के सामने कोई ठोस चुनौती पेश नहीं कर सके थे.
गेंदबाजी को करना होगा दुरुस्त
वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में भारत की बल्लेबाजी तो शानदार रही, लेकिन गेंदबाजी साधारण थी. यही वजह है कि 720 रनों का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद टीम इंडिया जीत के लिए तरस गई. आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 8 विकेट की तलाश थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने शानदार फाइटबैक दिखाते हुए सिर्फ 5 विकेट खोए और मैच बचा लिया. डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने 43 ओवरों का सामना किया. क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को अपनी गेंदबाजी मजबूत करनी होगी. अनुभवी पेसर मोहम्मद सिराज और स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी हो सकती है. दोनों को पहले टेस्ट से बाहर रखा गया था.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली की तरह बनने का सपना, किस IPL टीम से खेलना चाहते हैं सहवाग के बेटे आर्यवीर? बताई दिली ख्वाहिश