SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत ने जीता U19 एशिया कप: पाकिस्तान को रोमांचक मैच में किया पस्त, मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका मारकर दिलाई जीत

भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप को जीत लिया है. पाकिस्तान ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे. जवाब में टीम इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 14, 2026, 18:34 IST | Updated: Nov 14, 2026, 19:03 IST
Image Credit: भारत ने पाकिस्तान को हराया. BCCI
Join

भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीत लिया. ओमान के अल अमरात में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. शनिवार (14 नवंबर) को जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए. यहां से मोहित उल्वा और मनल चौहान ने मिलकर नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की. मनल जब आउट हुए तो टीम का स्कोर 309 रन था. यहां से मोहित का साथ वेंकट ने दिया और 10वें विकेट के लिए 30 रनों की नाबाद साझेदारी करके टीम इंडिया को जीत दिला दी.

भारत को जीत लिए आखिरी दो ओवरों में 25 रन बनाने थे. उस समय टीम का स्कोर 48 ओवर में नौ विकेट पर 313 रन था. हाथ में सिर्फ एक विकेट था और 12 गेंद पर 25 रन बनाने थे. मोहित और चिगुरुपाति वेंकट ने मिलकर मोहम्मद सयाम के ओवर में 17 बनाए. इसके बाद आखिरी ओवर में छह गेंद पर आठ रनों की दरकार थी. मोहित क्रीज पर वेंकट के साथ टिके रहे और आखिरी गेंद तक मैच को पहुंचा दिया. 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन और सुपर ओवर तक मैच को पहुंचाने के लिए दो रनों की आवश्यकता थी. मोहित उल्वा ने अहमद हुसैन की गेंद पर चौका मारकर भारत को जीत दिला. इसके बाद पूरी टीम मैदान में पहुंच गई और जश्न मनाने लगी.

 

सहवाग और लक्ष्य ने दिलाई मजबूत शुरुआत

टीम इंडिया जब टारगेट का पीछा करने उतरी तो उसके सामने एक बेहतर शुरुआत करने की चुनौती थी. पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों ने शुरुआती 10 ओवर में एक भी विकेट नहीं गंवाया. आर्यवीर ने अर्धशतक लगाया और 61 गेंद पर 58 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए. पहले विकेट के लिए आर्यवीर और लक्ष्य ने 95 रनों की साझेदारी की.

ये भी पढ़ें: सहवाग, सहवाग की गूंज... पाकिस्तान के खिलाफ बरसे आर्यवीर, चोटिल होने के बावजूद बल्ले से मचाई तबाही

मध्यक्रम ने किया निराश

आर्यवीर के आउट होने के बाद वीके विनीत ने कप्तान लक्ष्य के साथ 51 रनों की साझेदारी की, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. विनीत 21 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए. उनके पवेलियन लौटते ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया. एक समय टीम का स्कोर 146 रन पर दो विकेट था और देखते ही देखते 252 रनों पर आठ विकेट हो गया. लक्ष्य ने 101 गेंद पर 80 रन बनाए, लेकिन वह मैच फिनिश करने में नाकाम रहे. अर्जुन राजपूत 16, यशवर्धन नौ, पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ 19 और आर्यन सवसानी नौ रन बनाकर आउट हो गए. काव्य पटेल खाता नहीं खोल पाए.

खबर को हम अपडेट कर रहे हैं..

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES