SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Video: पाकिस्तानियों ने हर्षित राणा को घेरा, मैदान पर हुई तीखी बहस, भारत-पाक मैच में हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मैच में इंडिया-A को पाकिस्तान-A ने 48 रन से हराया. हर्षित राणा और सुफियान मुकीम के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई है.

Written By Tarun Verma
Published: Nov 23, 2026, 06:28 IST | Updated: Nov 23, 2026, 06:54 IST
Image Credit: India-A vs Pakistan-A
Join

इंडिया-A और पाकिस्तान-A के बीच रविवार को खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 टूर्नामेंट के ग्रुप-B मुकाबले में बीच मैदान पर जबरदस्त जुबानी जंग देखने को मिली है. भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा पाकिस्तानी खिलाड़ियों के निशाने पर आ गए. पहले भारतीय पारी के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई और फिर हर्षित राणा के आउट होने के बाद पाकिस्तानी स्पिनर सुफियान मुकीम ने उन्हें आक्रामक अंदाज में विदाई दी. बता दें कि इस मैच में इंडिया-A को तिलक वर्मा के शानदार शतक के बावजूद पाकिस्तान-A के खिलाफ 48 रन से हार का सामना करना पड़ा है.

इंडिया-A की पारी के दौरान हर्षित राणा 45वें ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद जब वह पवेलियन की तरफ लौट रहे थे, तभी पाकिस्तान के स्पिनर सुफियान मुकीम उन्हें कुछ कहते हुए नजर आए. सुफियान मुकीम का अंदाज काफी आक्रामक था और दोनों के बीच माहौल गर्म हो गया. हालांकि, स्थिति ज्यादा बिगड़ने से पहले पाकिस्तान के एक साथी खिलाड़ी ने सुफियान मुकीम को रोक लिया. इससे पहले भी पहली पारी के दौरान हर्षित राणा और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच कुछ मौकों पर तीखी नोकझोंक हुई थी. ऐसे में मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के बीच तनाव साफ नजर आया.

इंडिया-A को 48 रन से मिली हार

पाकिस्तान-A के खिलाफ इंडिया-A के कप्तान तिलक वर्मा ने 149 गेंद पर 100 रन बनाए और अभिषेक शर्मा ने शानदार 70 रनों की पारी खेली. मुश्किल पिच पर 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं था, लेकिन जब तक अभिषेक शर्मा क्रीज पर थे, तब तक भारत को जीत की उम्मीद थी. अभिषेक शर्मा ने अपनी 42 गेंदों की पारी में 6 चौके और इतने ही छक्के जड़े. अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद, बाकी भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे और पूरी टीम 265 रनों पर सिमट गई. 

हसन नवाज ने पाकिस्तान-A को दिलाई जीत

इससे पहले, मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हसन नवाज ने 79 रनों की तेज पारी खेलकर पाकिस्तान-A को 313 रनों के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. पाकिस्तान की सीनियर व्हाइट-बॉल टीमों का नियमित हिस्सा रहे हसन नवाज ने 82 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए. ओपनर माज सदाकत (59 रन) और श्यामल हुसैन (33 रन) ने पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दिलाई और महज 7.5 ओवरों में 66 रन जोड़ दिए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES