)
भारत ए और नेपाल ए के बीच मुकाबला एकतरफा देखने को मिला. टीम इंडिया को नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का न्यौता दिया था. तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र की शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने नेपाल के सामने 333 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में नेपाल की टीम ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गई. 2 गेंदबाजों ने मिलकर नेपाल की टीम को मिनटों में ढेर कर दिया. पूरी टीम महज 26 रन के स्कोर पर ही सिमट गई और भारत ने 306 रन से बड़ी जीत दर्ज की.
भारतीय फैंस की नजरें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह जैसे टीम इंडिया के सितारों पर थीं. तीनों ही पूरी तरह से फ्लॉप हो गए. वैभव ने 26 रन बनाए, जबकि बाकी दोनों दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके. कप्तान तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला. उन्होंने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर 206 रन की बड़ी पार्टनरशिप की.
नेपाल को शतक का डबल डोज मिला. तिलक वर्मा ने 113 गेंद में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 107 रन की पारी खेली. वहीं, कुमार कुशाग्र ने 102 गेंद में 10 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 117 रन की पारी खेली. उनकी ये पारी महज 102 गेंदो में आई. इन दोनों के अलावा अंत में सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंद में 32 रन ठोक टीम के स्कोर को 332 तक पहुंचा दिया और मुकाबला एकतरफा हो गया.
333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल टीम शुरुआती रन से ही ढेर होने लगी. फिट होकर वापस लौटे हर्षित राणा ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. हर्षित राणा ने 4 विकेट अपने नाम किए जबकि दूसरे छोर से प्रिंस यादव एक्शन में नजर आए. प्रिंस यादव ने पंजा खोला. प्रिंस यादव को न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टीम इंडिया के लिए मौका मिला था, लेकिन 4 मैच में 2 ही विकेट हासिल करने में कामयाब हुए.