App

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से दिया इस्तीफा: लिखा इमोशनल पोस्ट, कपिल,धोनी के बाद वर्ल्ड कप जिताने वाली तीसरी कैप्टन

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कैप्टेनसी छोड़ने का बड़ा फैसला किया है. हरमन की कप्तानी में टीम इंडिया ने हाल ही में हुए एशियन गेम्स 2026 में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था.

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी से दिया इस्तीफा: लिखा इमोशनल पोस्ट, कपिल,धोनी के बाद वर्ल्ड कप जिताने वाली तीसरी कैप्टन
Image Credit: BCCIWOMEN/X

स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी के पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कैप्टेनसी छोड़ने का बड़ा फैसला किया है. हरमन की कप्तानी में टीम इंडिया ने हाल ही में हुए एशियन गेम्स 2026 में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले साल वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था. वो पिछले कई सालों से टीम इंडिया की कमान संभाल रही थी और उनके नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने कई यादगार मुकाबले जीते. वो कपिल देव और एमएस धोनी के बाद भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाली तीसरी कप्तान हैं.

हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को इंस्टाग्राम के जरिए ये जानकारी दी. उन्होंने एक लंबा-चौड़ा भावुक पोस्ट कर बताया कि वो भारत की कप्तानी से इस्तीफा दे रही हैं. हालांकि, उन्होंने उन्होंने साफ किया कि वो टीम का हिस्सा बनी रहेंगी और उन्होंने यह फैसला टीम को बेहतर बनाने में मदद करने के लिए लिया है.

हरमनप्रीत कौर ने इमोशनल पोस्ट में क्या लिखा?

हरमनप्रीत कौर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''आज, मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट्स में कप्तानी छोड़ रही हूं. यह फैसला लेना आसान नहीं है. इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे.''

स्टार क्रिकेटर ने आगे लिखा कि मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है. अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार तो अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी एक हिस्सा. ऐसे कई पल आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना ​​था कि टीम सबसे पहले आती है.

''एक कप्तान के तौर पर, मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े हैं. ऐसे फैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे, और कभी-कभी जिनके लिए मुझे निजी तौर पर कीमत भी चुकानी पड़ी. लेकिन मेरा हर फैसला एक ही मकसद से लिया गया था - इस टीम को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ रूप पाने का मौका देना.''

इमोशनल पोस्ट में हरमनप्रीत कौर ने आगे लिखा, ''आज मैं भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति लिए कप्तानी छोड़ रही हूं. क्योंकि मुझे सच में लगता है कि मेरी टीम सही रास्ते पर है. एक ऐसी टीम जिसमें टैलेंट, कैरेक्टर और भरोसा है, और जिसका भविष्य ऐसा है जिसे देखने और जिसका हिस्सा बनने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं. मुझे लगता है कि मैंने अपना फर्ज निभाया है. मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया. मैंने गर्व के साथ जिम्मेदारी निभाई और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी करने का मौका मिलने के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More