ग्लेन मैक्सवेल ने लिया संन्यास: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, 286 मैच में बनाए 7226 रन
ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. अपनी विस्फोटक बैटिंग से बड़े-बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले मैक्सवेल ने कुल 286 इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा लिया.
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. उन्होंने जून 2025 में ही वनडे को अलविदा कह दिया था. अब मैक्सवेल ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया. उन्होंने कंगारू टीम के लिए सात टेस्ट, 149 वनडे और 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा लिया. 286 अंतराष्ट्रीय मुकाबलों में मैक्सवेल ने 7226 रन बनाए. 38 साल के मैक्सवेल फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए मैचों में भी नजर नहीं आएंगे. वह बिग बैश लीग में 2027-28 तक कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाए जाने के कारण मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलेंगे.
मैक्सवेल पिछले साल वनडे से संन्यास लेने के बाद 2026 टी20 वर्ल्ड कप में उतरे थे. उनकी टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी. फरवरी में ओमान के खिलाफ उस टूर्नामेंट का मैच मैक्सवेल के लिए आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला साबित हुआ. उस मैच में उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की थी, लेकिन गेंद से दो विकेट झटके थे.
मैक्सवेल पर नहीं था कोई दबाव
मैक्सवेल ने फाइनल वर्ड पॉडकास्ट में अपने संन्यास के बारे में बताया. उन्होंने कहा, "टी20 वर्ल्ड कप से पहले और बाद में हमने (क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से) शायद कई बार बात की होगी. यह काफी खुला हुआ था. उस तरफ से (ऑस्ट्रेलिया टीम मैनेजमेंट) कोई प्रेशर नहीं था और हमने दरवाजा खुला छोड़ने का फैसला किया. कुछ सीरीज आने वाली थीं. वे भविष्य की ओर देखने वाले थे और हमने बांग्लादेश में यह देखा कि खिलाड़ियों को मौका मिला और उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया.''
ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत की वापसी पर 'ग्रहण', न्यूजीलैंड जाने से पहले फिटनेस टेस्ट में फेल, अब क्या होगा?
मैक्सवेल ने जीते तीन वर्ल्ड कप
मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन वर्ल्ड कप जीतने वाले खास खिलाड़ियों शामिल हैं. 2015 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप में वह टीम के सदस्य रहे. इसके अलावा 2021 में पहली बार कंगारू टीम को टी20 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाया था. उस टूर्नामेंट में विनिंग रन बनाने वाले मैक्सवेल की इच्छा थी कि वह काश अपने देश के लिए अपने होमग्राउंड पर एक आखिरी बार मैदान पर उतर पाते. उन्हें मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सेंड-ऑफ मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वह अब ऑस्ट्रेलियाई टीम आगे बढ़ चुकी है और वह इसे अच्छे से समझते हैं.