App

11 चौके... 6 छक्के और 99 गेंद पर 127 रन, फखर जमां श्रीलंका पर कहर बनकर टूटे, पाकिस्तान ने जीती ट्राई सीरीज की ट्रॉफी

फखर जमां के तूफानी शतक की बदौलत पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर ODI ट्राई सीरीज का खिताब जीत लिया. पाकिस्तान ने 326 रन का लक्ष्य हासिल कर भारत के 2002 के रिकॉर्ड की बराबरी की.

11 चौके... 6 छक्के और 99 गेंद पर 127 रन, फखर जमां श्रीलंका पर कहर बनकर टूटे, पाकिस्तान ने जीती ट्राई सीरीज की ट्रॉफी
Image Credit: Pakistan Wins ODI Tri Series Title

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए ODI ट्राई-सीरीज के रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली. 326 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 48.3 ओवर में 7 विकेट खोकर 331 रन बनाए और 9 गेंद बाकी रहते ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में किसी फाइनल मुकाबले का यह दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज है. पाकिस्तान ने 2002 के लॉर्ड्स नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में भारत द्वारा बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.

इससे पहले 2002 के नेटवेस्ट फाइनल में लॉर्ड्स के मैदान पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ इतने ही रनों का पीछा करके जीत हासिल की थी. फखर जमां पाकिस्तान की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे. फखर जमां ने सिर्फ 99 गेंदों में 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 127 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस शानदार शतक के साथ ही वह ODI फाइनल में दो शतक जड़ने वाले पाकिस्तान के महज दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को शुरुआत में ही झटके लगे. माज सदाकत 5 रन बनाकर आउट हो गए और बाबर आजम बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जिससे पाकिस्तानी टीम 14 रन पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई.

फखर जमां श्रीलंका पर कहर बनकर टूटे

फखर जमां ने इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज साद बेग के साथ मिलकर पारी को संभाला. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 149 रन जोड़े और पाकिस्तान को वापस मुकाबले में ला खड़ा किया. साद बेग ने 75 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 74 रन बनाए, जिसके बाद महेश तीक्ष्णा ने उन्हें 163 के स्कोर पर आउट कर दिया. फखर जमां ने पारी को आगे बढ़ाया और अपना शतक पूरा किया. अंत में वह दिलशान मदुशंका का शिकार बने और 127 रन बनाकर आउट हुए, उस समय पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 220 रन था. सलमान आगा 17 रन बनाकर आउट हुए, जिससे श्रीलंका ने कुछ समय के लिए मैच पर पकड़ बनाई और पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 230 रन हो गया.

हसन नवाज और अराफात मिन्हास की आक्रामक पारी

इसके बाद हसन नवाज और अराफात मिन्हास ने रन-चेज की जिम्मेदारी संभाली और छठे विकेट के लिए 94 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. अराफात मिन्हास ने सिर्फ 31 गेंदों पर 61 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे, जबकि हसन नवाज 45 गेंदों पर 37 रन बनाकर नाबाद रहे. 324 के स्कोर पर अराफात मिन्हास आउट हो गए और फहीम अशरफ अपनी पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद पाकिस्तान को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे और उनके पास 3 विकेट बचे थे. 

शाहीन अफरीदी ने छक्का लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई

कप्तान शाहीन अफरीदी ने शानदार अंदाज में छक्का लगाकर पाकिस्तान को जीत दिलाई और टीम को खिताब जिताया. इससे पहले, पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने गेंदबाजी करने का फैसला किया. श्रीलंका ने अपने 50 ओवरों में 8 विकेट पर 325 रन बनाए, जिसमें कामिंदु मेंडिस की पहली वनडे सेंचुरी अहम रही.

कामिंदु मेंडिस ने ठोका शतक 

कामिंदु मेंडिस ने 128 गेंदों पर 131 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे. कामिंदु मेंडिस ने अविष्का फर्नांडो (38 रन) के साथ मिलकर ओपनिंग विकेट के लिए 87 रन जोड़े. इसके बाद, उन्होंने तीसरे विकेट के लिए पवन रत्नायके के साथ 146 रनों की साझेदारी की. पवन रत्नायके ने 65 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें 8 बाउंड्री शामिल थीं. श्रीलंका ने मिडिल ओवरों में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.

हालांकि, पाकिस्तान के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी की. उन्होंने अंतिम 10 ओवरों में 6 विकेट लिए और श्रीलंका को 325 रनों पर ही रोक दिया. पाकिस्तान के लिए सलमान आगा, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ ने 2-2 विकेट लिए. पाकिस्तान की पारी को फखर जमां की सेंचुरी ने संभाला, जबकि बेग, नवाज और मिन्हास के अहम योगदान ने टीम को शुरुआती 2 विकेट जल्दी गिरने के झटके से उबारा और उन्हें ट्राई-सीरीज का खिताब जिताने में मदद की.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More