App

बिहार क्राइम: नालंदा में शराबी और पुलिसकर्मी के बीच झड़प, मसौढ़ी में मॉल के बाहर से चोर ने उड़ाई बाइक

नालंदा में शराबी और पुलिसकर्मी के बीच झड़प होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है. वहीं, मसौढ़ी में मॉल के बाहर से चोर ने बाइक उड़ा दी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बिहार क्राइम: नालंदा में शराबी और पुलिसकर्मी के बीच झड़प, मसौढ़ी में मॉल के बाहर से चोर ने उड़ाई बाइक
Image Credit: नालंदा में शराबी युवक ने पुलिस से की धक्का-मुक्की (जी मीडिया)

नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के निजाय गांव में दशहरा पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन और मेले का आयोजन किया गया था. इस दौरान गांव में भारी भीड़ जुटी थी. इसी बीच एक युवक कथित तौर पर शराब पीकर मेले में जमकर हंगामा करने लगा. उसकी हरकतों के कारण लोगों को परेशानी होने लगी. जब मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को इसकी जानकारी मिली, तो वे तुरंत उस शराबी युवक को काबू में करने के लिए आगे आए.

पुलिस और युवक के बीच धक्का-मुक्की

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को देखकर युवक और भड़क गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और युवक के बीच झड़प, धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई. स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया और गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद तुरंत रहुई थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को अपनी हिरासत में ले लिया और कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. हालांकि, जी मीडिया वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

मसौढ़ी में मॉल के बाहर चोर ने उड़ाई बाइक

राजधानी पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित एक मॉल के बाहर से शातिर चोर ने बड़ी चालाकी से बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित व्यक्ति मसौढ़ी के मालिकाना मोहल्ले का रहने वाला है, जो किसी काम से उस मॉल में खरीदारी करने गया था. उसने अपनी मोटरसाइकिल को मॉल परिसर के बाहर खड़ा किया और अंदर खरीदारी करने चला गया. कुछ देर बाद जब वह खरीदारी पूरी करके वापस बाहर लौटा, तो उसने देखा कि बाइक जगह से गायब थी. आसपास ढूंढने के बाद कुछ पता नहीं चला, तो उसने तुरंत स्थानीय थाने को इसकी जानकारी दी.

सीसीटीवी फुटेज  से हुआ खुलासा

पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास जांच-पड़ताल की.  वहीं, सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि एक शातिर बदमाश पलक झपकते ही बेहद फुर्ती से बाइक का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो गया. फिलहाल, मसौढ़ी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उस शातिर चोर की तलाश में जुटी हुई है और उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है.

नालंदा से ऋषिकेश कुमार और मसौढ़ी से प्रभंजन सिंह की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More