)
जिस पिता ने कभी देश की रक्षा करते हुए युद्ध के मैदान से अपने परिवार को यह सोचकर चिट्ठी लिखी थी कि शायद अब वह कभी घर वापस नहीं लौट पाएंगे, आज उसी पिता की आंखों में अपने बेटे के लिए गर्व और खुशी दिखाई दे रही थी. कभी करगिल के युद्ध में अपनी जिंदगी दांव पर लगाने वाले नेम चंद अब न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में अपने बेटे ध्रुव जुरेल की बल्लेबाजी का आनंद ले रहे थे. बेटे का शतक पूरा होने वाला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. ध्रुव जुरेल 88 रन बनाकर आउट हो गए. शतक भले ही अधूरा रह गया, लेकिन पिता के लिए यह पल किसी बड़ी जीत से कम नहीं था.
करीब 27 साल पहले करगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना में तैनात नेम चंद को भी इस बात का डर था कि शायद वह दोबारा अपने परिवार के पास नहीं लौट पाएंगे. ऐसे मुश्किल समय में उन्होंने घर पर एक चिट्ठी लिखी थी. नेम चंद के मुताबिक उन्होंने चिट्ठी में लिख दिया था कि पैसे का सदुपयोग करना और ठीक से रहना. यानी उन्होंने अपने परिवार को समझाया था कि अगर वह वापस नहीं लौटे तो घर में मौजूद पैसों का सही इस्तेमाल करना और अपना ध्यान रखना. हालांकि, किस्मत ने उनका साथ दिया और वह भारतीय सेना की 8वीं जाट रेजिमेंट में अपनी सेवाएं पूरी करने के बाद सुरक्षित घर लौट आए.
27 साल बाद जिंदगी ने नेम चंद को एक बिल्कुल अलग मैदान में लाकर खड़ा कर दिया. इस बार उनके सामने युद्ध का मैदान नहीं, बल्कि न्यूजीलैंड का हेगले ओवल मैदान था. रविवार को वह अपने बेटे ध्रुव जुरेल को टेस्ट क्रिकेट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए देख रहे थे. ध्रुव जुरेल तेजी से अपने तीसरे टेस्ट शतक की ओर बढ़ रहे थे. जब ध्रुव जुरेल 88 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब नेम चंद ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान थोड़ा टहलने के लिए उठे, लेकिन उन्हें कहां पता था कि ब्रेक के बाद आने वाली पहली ही गेंद उनके बेटे की शानदार पारी का अंत कर देगी.
ध्रुव जुरेल आउट हुए तो पूरे स्टेडियम में तालियां गूंज उठीं. हालांकि, पिता नेम चंद के लिए यह वह पल नहीं था, जिसकी उम्मीद वह कर रहे थे. उन्होंने पानी का गिलास उठाया और अपनी निराशा को संभाल लिया. बेटे के शतक से चूकने का दुख जरूर था, लेकिन उसकी बल्लेबाजी देखकर वह बेहद खुश थे. ध्रुव जुरेल की शानदार पारी खत्म होने के बाद जब उनके पिता नेम चंद से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेहद सादगी से जवाब दिया. ध्रुव जुरेल के पिता ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'बहुत अच्छा खेला, ये सब तो चलता है क्रिकेट में.'
दरअसल, ध्रुव जुरेल ने भारतीय टीम के लिए कई बार निचले क्रम के बल्लेबाजी करते हुए मुश्किल परिस्थितियों में अहम रन बनाए थे. उनकी पारी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. ध्रुव जुरेल के पिता नेम चंद और शुभमन गिल के पिता लखविंदर गिल साथ बैठे हुए थे. उनके साथ भारतीय टीम के चयनकर्ता आरपी सिंह भी मौजूद थे. ध्रुव जुरेल की इस पारी को देखने के लिए उनके माता-पिता खास तौर पर भारत से न्यूजीलैंड पहुंचे थे. दिलचस्प बात यह है कि नेम चंद और उनकी पत्नी रजनी दोनों की यह पहली विदेश यात्रा थी.
ध्रुव के पिता ने बताया कि साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में हुए टेस्ट डेब्यू के दौरान वह अपने बेटे को मैदान पर खेलते हुए नहीं देख पाए थे. उस समय घर में शादी थी और परिवार उस कार्यक्रम को छोड़ना नहीं चाहता था. नेम चंद ने कहा, 'ध्रुव ने हमें इस मैच के लिए आने को कहा था और हम आ गए. यह मेरी और उसकी मां की पहली विदेश यात्रा है. हम राजकोट में उसका टेस्ट डेब्यू देखने नहीं जा सके थे, क्योंकि घर में शादी थी. हम उस कार्यक्रम को छोड़ना नहीं चाहते थे.'
ध्रुव जुरेल के पिता ने कहा, 'मैं न तो ज्यादा पूछता हूं और न ही ज्यादा कुछ कहता हूं. अब सब उसी पर निर्भर है कि वह हमें कहां ले जाना चाहता है या हमें क्या दिखाना चाहता है. शायद मैच के बाद हम कुछ जगहें घूमने जाएं, लेकिन अभी तो हम मैच का मजा ले रहे हैं. न्यूजीलैंड के बारे में अब तक जो भी देखा है, वह बहुत अच्छा लगा.' ध्रुव जुरेल भी एक शानदार और संघर्षपूर्ण पारी खेलने के बाद काफी खुश थे, जबकि उनके माता-पिता स्टैंड से उनका हौसला बढ़ा रहे थे. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ध्रुव जुरेल ने पत्रकारों से कहा, 'SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में रन बनाना और खेलना हमेशा से एक सपना रहा है. मेरे माता-पिता भारत से इतनी दूर चलकर आए हैं. यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी. उनके सामने रन बनाना बहुत अच्छा लगा.'