भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ रविवार (25 अक्टूबर) को खेले गए दूसरे वनडे इंटरनेशनल में दीप्ति शर्मा ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. दीप्ति शर्मा ने 123.26 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंद पर नाबाद 106 रन बनाए. दीप्ति शर्मा की पारी में 15 चौके शामिल रहे.
दीप्ति शर्मा छठे नंबर या उससे नीचे बैटिंग ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए ODI शतक जड़ने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं हैं. दीप्ति शर्मा ने इस उपलब्धि के साथ ऋचा घोष का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. ऋचा घोष ने साल 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में 94 रनों की पारी खेली थी. हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने मिलकर 153 रनों की साझेदारी की.
हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे ODI मैच में भारत को 328/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. दीप्ति शर्मा ने भारतीय महिला क्रिकेटरों के लिए पांचवां सबसे तेज वनडे इंटरनेशनल शतक भी लगाया है. इस लिस्ट में वह हरमनप्रीत कौर के बाद आती हैं, जिन्होंने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ 82 गेंद पर शतक ठोका था.
50 गेंद पर शतक - स्मृति मंधाना विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया (दिल्ली, साल 2025)
70 गेंद पर शतक - स्मृति मंधाना विरुद्ध आयरलैंड (राजकोट, साल 2025)
77 गेंद पर शतक - स्मृति मंधाना विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया (मुल्लनपुर, साल 2025)
82 गेंद पर शतक - हरमनप्रीत कौर विरुद्ध इंग्लैंड (चेस्टर-ले-स्ट्रीट, साल 2025)
83 गेंद पर शतक - दीप्ति शर्मा विरुद्ध जिम्बाब्वे (वडोदरा, साल 2026)
हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के बीच 153 रनों की साझेदारी ODI में भारतीय महिला टीम की ओर से पांचवें या उससे निचले बैटिंग ऑर्डर के विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. इसने सा 2022 महिला वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर द्वारा बनाए गए 122 रनों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. बता दें कि भारत ने इस दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में जिम्बाब्वे को 121 रन से हराकर तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 328 रन बनाए. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.5 ओवर में 207 रन पर ढेर हो गई.