गजब! बिना बॉल खेले 'क्लीन बोल्ड'... विमेंस बिग बैश लीग में दिखा अद्भुत नजारा, किस गलती की मिली सजा? VIDEO वायरल
महिला बिग बैश लीग 2026 में मेलबर्न रेनेगेड्स की स्टार बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन अजीबोगरीब तरीके से आउट हुईं. वो टूर्नामेंट के इतिहास में टाइम्ड आउट होने वाली पहली खिलाड़ी बनी. वो बिना गेंद खेले क्लीन बोल्ड हो गईं.
महिला बिग बैश लीग 2026 में बुधवार को गजब नजारा देखने को मिला. मेलबर्न रेनेगेड्स की बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. आपने बल्लेबाज को बिना गेंद खेले रन आउट होते हुए तो कई बार देखा होगा, लेकिन क्या कभी किसी बल्लेबाज को बिना बॉल खेले क्लीन बोल्ड होते देखा है? जी हां, महिला बिग बैश लीग में डिएंड्रा डॉटिन इसी अजीबोगरीब तरीके से आउट हो गईं.
मेलबर्न रेनेगेड्स की बल्लेबाज को क्रीज पर देरी से आने की भारी कीमत चुकानी पड़ी. क्रिकेट की भाषा में उन्हें टाइम्ड आउट करार दिया गया. महिला बिग बैश लीग के विशेष नियम के अनुसार, अगर कोई नया बल्लेबाज क्रीज पर आने में 75 सेकेंड से ज्यादा वक्त लेता है तो उसे अगली गेंद खेलने की इजाजत नहीं होती है.
बिना बॉल खेले कैसे बोल्ड हुईं डिएंड्रा डॉटिन?
WBBL के शर्तों के अनुसार, नए बल्लेबाज को पहली गेंद खेलने के लिए 75 सेकेंड तक क्रीज पर आना होगा. ऐसा नहीं करने पर उन्हें अपनी पारी की पहली गेंद के लिए लेग साइड में स्टंप्स की लाइन से कम से कम पांच मीटर दूर खड़ा रहना पड़ता है. ऐसे मामले में, गेंदबाजी करने वाली टीम को स्टंप पर निशाना लगाने का एक मुफ्त मौका मिलता है जिसे 'फ्री बॉल' कहते हैं, जिसमें बल्लेबाज पांच मीटर दूर खड़ा होगा और वह इसका सामना नहीं कर पाएगा.अगर गेंदबाजी करने वाली टीम स्टंप पर निशाना लगा देती है, तो बल्लेबाज आउट हो जाएगा.
डिएंड्रा डॉटिन को चुकानी पड़ी 75 सेकेंड देरी की कीमत
बुधवार को डॉटिन नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने आईं, लेकिन क्रीज पर आने और पहली गेंद खेलने के लिए उन्होंने काफी समय ले लिया. अंपायरों ने आपस में चर्चा की और माना कि उन्हें तैयार होने में 75 सेकंड से ज्यादा का समय लगा है, इसलिए उन्होंने डॉटिन को अगली गेंद के लिए क्रीज से दूर खड़े रहने का निर्देश दिया. ब्रिसबेन हीट की गेंदबाज सारा ग्लेन ने स्टंप्स पर गेंद मारी, जिसका मतलब था कि डॉटिन आउट हो गईं. स्कोरकार्ड पर दिखाया गया कि डॉटिन ने एक गेंद का सामना किया और वह ग्लेन की गेंद पर बोल्ड होकर आउट हो गईं.
मेलबर्न रेनेगेड्स ने जीता मैच
बिग बैश के इतिहास में यह पहली बार था जब नए नियम के लागू होने के बाद किसी खिलाड़ी को 'टाइम्ड आउट' दिया गया. मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए अच्छी बात यह रही कि वे इस कम स्कोर वाले मुकाबले में 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, आखिरी गेंद पर मैच जीतने में सफल रहे.