)
इंग्लैंड के स्टार टेस्ट कप्तान जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने महज 34 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है. 14 साल तक क्रिकेट के मैदान पर सक्रिय रहने के बाद बिली रूट ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की. बिली रूट के साथ इस सप्ताह ग्लमॉर्गन के तीन बल्लेबाजों का क्रिकेट करियर खत्म होने जा रहा है. बिली रूट के अलावा क्रिस कुक और कॉलिन इनग्राम भी प्रोफेशनल क्रिकेट से विदाई ले रहे हैं. अपने आखिरी सीजन में बिली रूट ने केवल दो काउंटी चैंपियनशिप के मैच खेले. इस दौरान वह ग्लमॉर्गन की दूसरी टीम की कप्तानी भी करते नजर आए.
अपने संन्यास के ऐलान में बिली रूट ने कहा कि उन्हें दो शानदार क्लबों का प्रतिनिधित्व करने और चार ट्रॉफी जीतने वाली टीमों का हिस्सा बनने का सौभाग्य मिला. उन्होंने अपने 14 साल के सफर को याद करते हुए कहा कि बचपन से जिस खेल से प्यार किया, उसी में अपना करियर बनाने का मौका मिलना, जो उनके लिए बेहद खास रहा. अपने क्रिकेट करियर में उतार-चढ़ाव का जिक्र करते हुए बिली रूट ने कहा कि वह इस सफर में कुछ भी बदलना नहीं चाहेंगे. बिली रूट ने अपने परिवार और सभी दोस्तों का आभार जताया.
बिली रूट ने लीड्स बेकेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद नॉटिंघमशायर के साथ अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत की. वह 2017 में नॉटिंघमशायर की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में दो खिताब अपने नाम किए थे. इसके बाद 2019 में बिली रूट ने ग्लमॉर्गन का रुख किया. यहां उन्होंने टीम की सफलता में अहम योगदान दिया और क्लब के साथ दो वनडे कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे.
बिली रूट दरअसल इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट के सगे छोटे भाई हैं. बिली रूट और उनके बड़े भाई जो रूट ने बचपन में शेफील्ड कॉलेजिएट CC में साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था. दोनों भाइयों का मैदान पर साथ दिखना क्रिकेट के सबसे खास पारिवारिक पलों में से एक रहा. 2013 में लॉर्ड्स में खेले गए एक टेस्ट मैच के दौरान दोनों भाई एक ही मैदान पर मौजूद थे. उस समय बिली रूट MCC यंग क्रिकेटर्स का हिस्सा थे और उन्हें इंग्लैंड के लिए 12वें खिलाड़ी के तौर पर नामित किया गया था.
ग्लमॉर्गन के साथ बिली रूट का सफर सात साल का रहा. इस दौरान उन्होंने टीम की व्हाइट-बॉल सफलता में बड़ा रोल निभाया. इसके अलावा पिछले सीजन में ग्लमॉर्गन को काउंटी चैंपियनशिप की डिवीजन-वन में प्रमोशन मिलने वाली टीम में भी बिली रूट शामिल थे. अपने आखिरी सीजन में भले ही उनका मैदान पर रोल कम रहा, लेकिन क्लब के लिए उनका योगदान काफी लंबा और महत्वपूर्ण रहा है. बिली रूट के बड़े भाई जो रूट इंटरनेशनल क्रिकेट में 61 शतक ठोक चुके हैं.