)
Hardik Pandya Injury Update: पिछले 2-3 सालों से स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के चंगुल में बुरी तरह से फंसे हुए हैं. जब उनकी वापसी की तारीख करीब आती है, तब मानो उन्हें नजर लग जाती है. अब ये इंतजार भारतीय क्रिकेट फैंस को डराने लगा है. बड़ा अपडेट ये है कि हार्दिक ऑस्ट्रेलिया ए खिलाफ सीरीज से भी बाहर हो गए हैं. टीम इंडिया में वापसी से पहले चयनकर्ताओं ने उन्हें इंडिया ए टीम में जगह दी थी, लेकिन टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, स्टार ऑलराउंडर को इस हफ्ते की शुरुआत में दाहिनी पिंडली में फिर से नया दर्द महसूस हुआ.
रिपोर्ट के मुताबिक, दाहिनी पिंडली में फिर से नया दर्द महसूस होने के बाद हार्दिक का स्कैन करवाया और डॉक्टरों ने उन्हें और अधिक आराम करने की सलाह दी है. वो अब पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया A के मैच नहीं खेल पाएंगे. दूसरी बार ऐसा हुआ है, जब हार्दिक वापसी के बेहद करीब आए हैं, लेकिन ताजा दर्द ने 'ग्रहण' लगाने का काम किया है.
हार्दिक पांड्या चोट की वजह से ही वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी ODI सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. उन्हें पहले इंडिया ए की तरफ से खेलते हुए फिटनेस टेस्ट पास करना था, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले ही वो फेल हो गए हैं. इसका मतलब है कि उनकी वापसी में और देरी तय है. भारतीय क्रिकेट टीम 22 नवंबर से 15 अक्टूबर के बीच न्यूजीलैंड ने लिमिटेड ओवर की सीरीज खेलेगी.
हार्दिक T20I और ODI में टीम इंडिया का अहम हिस्सा हैं, लेकिन उनकी फिटनेस ने टीम मैनेजमेंट की सिरदर्दी बढ़ा दी है. अगले साल होने वाले 50-ओवर वर्ल्ड कप के लिहाज से देखें तो हार्दिक का पूरी तरह से फिट होना बेहद जरूरी है. हालांकि, मौजूदा स्थिति और डॉक्टरों ने जो सलाह दी है, उसको देखकर लगता है कि हार्दिक पांड्या के लिए न्यूजीलैंड जाना आसान नहीं होगा.
भारत के लिए 11 टेस्ट खेलने के बाद हार्दिक पांड्या ने 2017 में ही क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से दूर होने का फैसला किया था. उसके बाद से वो सिर्फ टी20 और ODI पर फोकस कर रहे हैं. पिछले 2-3 सालों से उन्हें चोट ने बहुत परेशान किया है, जिसका असर उनकी गेंदबाजी पर भी पड़ा है. टीम मैनेजमेंट 50 ओवर फॉर्मेट में उनसे 10 ओवर डलवाने की उम्मीद करती है.
हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए आखिरी मैच 8 मार्च, 2026 को खेला था. न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए टी20 वर्ल्ड कप के इस फाइनल मैच में टीम इंडिया को जीत मिली थी. उसके बाद हार्दिक ने आईपीएल 2026 में हिस्सा लिया. टूर्नामेंट के बीच वो चोट की वजह से कई मैचों में नहीं खेले थे. ODI में इंतजार तो और लंबा है. उन्होंने भारत के लिए आखिरी वनडे पिछले साल मार्च में खेला था.