Bhuvneshwar Kumar Comeback: कहते हैं 'इंतजार का फल मीठा होता है'. अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर ये लाइन बिल्कुल सटीक बैठता है. न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है. इसके साथ ही भुवी का चार साल का वनवास आखिरकार खत्म हुआ और उन्हें भारतीय स्क्वॉड में जगह मिल गई. बड़ा सवाल ये है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें IPL में शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया है या फिर भुवी की वापसी का रास्ता वर्ल्ड कप तक जाएगा?
न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया 5 मैचों की T20I सीरीज खेलेगी, जिसका आगाज 22 नवंबर को होगा. दिलचस्प बात ये है कि 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार अपने क्रिकेट करियर की नई शुरुआत उसी जगह से करेंगे, जहां उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था. जी हां, चार साल पहले उन्होंने न्यूजीलैंड में ही भारत के लिए आखिरी बार खेला था. उसके बाद वो टीम से ड्रॉप कर दिए गए.
भुवनेश्वर कुमार ने 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेले गए T20I में भारत के लिए आखिरी बार खेला था. उस मैच में उन्होंने 4 ओवर में 35 रन लुटाए थे और कोई सफलता नहीं मिली थी. इस शृंखला में उन्होंने दो मैचों में 42 गेंदें डाली थी और 47 रन खर्च किए थे. उन्हें एक भी विकेट हाथ नहीं लगी थी. इस सीरीज के बाद उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
टीम इंडिया से बाहर होने के बाद भी भुवनेश्वर कुमार ने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट खेलते रहे. आईपीएल 2025 से पहले हुआ मेगा ऑक्शन उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. पहली ट्रॉफी की तलाश में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अनुभवी पेसर पर दांव लगाया और भुवी उनकी उम्मीदों पर खरे उतरे. RCB 2025 और 2026 में चैंपियन बनी. उन्हें दोनों बार खिताब जिताने में भुवनेश्वर का अहम किरदार रहा.
आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट चटकाए और आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए. जहां बाकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई, वहां भुवी काफी किफायती साबित हुए. लगातार दो सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद उनके लिए टीम इंडिया में वापसी का दरवाजा खुला. सोशल मीडिया पर फैंस और कई क्रिकेट एक्स्पर्ट्स ने उनके लिए आवाज उठाई और आखिरकार भुवनेश्वर का वनवास खत्म हुआ.
अगले साल 50-ओवर वर्ल्ड कप का आयोजन होना है. मेगा इवेंट के लिए आईसीसी ने शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है. टीम इंडिया ने अभी से तैयारी भी शुरू कर दी है. इस लिहाज से देखें तो भुवनेश्वर के लिए वापसी का रास्ता भले ही न्यूजीलैंड है, लेकिन मंजिल साउथ अफ्रीका. जी हां, कहीं ना कहीं चयनकर्ताओं ने मन बना लिया है कि भुवी को वर्ल्ड कप टीम में रखा जा सकता है. बस उन्हें न्यूजीलैंड वाले इम्तिहान में पास होने की जरूरत है. अगर वो भारत के लिए टी20 में हिट हुए तो फिर वनडे टीम में भी फिट हो सकते हैं.
36 साल के भुवनेश्वर कुमार भले ही चार साल के लंबे इंतजार के बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं, लेकिन एक समय था जब वो टीम की जान हुआ करते थे. अपनी स्विंग की जादू से वो अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों को परेशान कर चुके हैं. भुवी की अंदर आती गेंदों ने ना जाने कितने बल्लेबाजों को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया है. भुवनेश्वर ने भारत के लिए 121 ODI खेले हैं और 35.11 की औसत से 141 विकेट चटकाए हैं. वहीं, 87 T20I मैचों में 6.96 की इकॉनमी रेट से 90 विकेट हासिल किए हैं. उन्होंने भारत के लिए 21 टेस्ट भी खेला है और 63 विकेट चटकाए हैं.
श्रेयस अय्यर (C), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (WK), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा (VC), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव