न्यूजीलैंड दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल ब्रॉड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने विराट कोहली और रोहित शर्मा पर अपना रुख साफ किया है. उन्होंने कहा कि 2027 वनडे विश्व कप के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा को उनकी उम्र के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर परखा जाएगा. टेस्ट और T20I क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित-कोहली सिर्फ एकदिवसीय क्रिकेट में एक्टिव हैं. दोनों अब न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली 3 मैचों की ODI सीरीज में एक्शन में दिखेंगे.
बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने स्पोर्टस्टार के साथ एक इंटरव्यू में संकेत दिया कि विश्व कप के लिए चयन इस बात पर निर्भर करेगा कि दो सीनियर बल्लेबाज कैसा प्रदर्शन करते रहते हैं. हर चार साल में होने वाला यह टूर्नामेंट अगले साल अक्टूबर और नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा.
बता दें कि विराट कोहली के पास 2011 से लेकर 2023 के बीच चार 50-ओवर वर्ल्ड कप खेलने का अनुभव है, जबकि हिटमैन ने तीन विश्व कप खेले हैं. जब 2011 में टीम इंडिया वर्ल्ड चैंपियन बनी थी, तब कोहली टीम का हिस्सा थे, लेकिन हिटमैन को जगह नहीं मिली थी. रोहित का वर्ल्ड कप जीतने का सपना अभी भी अधूरा है. 2023 में बतौर कप्तान वो इस ख्वाब को पूरा करने के बेहद करीब आए, लेकिन फाइनल में उनका सपना चकनाचूर हो गया.
मिथुन मन्हास ने स्पोर्टस्टार से कहा, ''मेरे नजरिए से, चयन का आधार फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए, न कि उम्र. अगर कोई खिलाड़ी खेलने के लिए फिट है, अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और देश के लिए मैच जीत रहा है, तो बस इसी बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए.''
मन्हास ने इस बारे में भी बात की कि कैसे रोहित और विराट की मौजूदगी शुभमन गिल को एक कप्तान के रूप में विकसित होने में मदद कर सकती है. उन्होंने इसकी तुलना उस स्थिति से की, जब विराट ने एमएस धोनी के मार्गदर्शन में सीखा था और धोनी को सौरव गांगुली का मार्गदर्शन मिला था.
भारत 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ एक मल्टी-फॉर्मेट दौरे की शुरुआत करने जा रहा है, जिसमें पांच T20I, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे. वनडे सीरीज 4 से 15 नवंबर के बीच होगी. 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम के लिए इस सीरीज में सबकी नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी होंगी.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ सीरीज देखने के लिए बदलना होगा रूटीन: क्या है टाइमिंग और भारत में कहां देखें लाइव?